नातिन को देखकर लौट रही दादी की सड़क हादसे में मौत, तेज रफ्तार डंपर ने बाइक को मारी टक्कर

नातिन को देखकर लौट रही दादी की सड़क हादसे में मौत, तेज रफ्तार डंपर ने बाइक को मारी टक्कर

स्टेट ब्यूरो चीफ : विष्णु रावत

लखनऊ। राजधानी लखनऊ के बंथरा थाना क्षेत्र में शनिवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे में 65 वर्षीय बुजुर्ग महिला की मौत हो गई। तेज रफ्तार डंपर ने बाइक में पीछे से टक्कर मार दी, जिससे महिला सड़क पर गिर गई और डंपर की चपेट में आकर उनकी मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद चालक वाहन समेत फरार हो गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और मामले की जांच शुरू कर दी है।

चौराहा पार करते समय हुआ हादसा

जानकारी के अनुसार यह हादसा शनिवार शाम करीब 3:45 बजे कानपुर रोड स्थित रमाडा होटल के सामने जुनाबगंज चौराहे पर हुआ। उन्नाव जनपद के असोहा थाना क्षेत्र के शाहाबाद ग्रांट, बड़ा लाल खेड़ा निवासी 65 वर्षीय शिवनाथा अपने बेटे राजेश के साथ बाइक से घर लौट रही थीं। दोनों बंथरा के जुनाबगंज स्थित प्रसाद हॉस्पिटल में भर्ती अपनी नातिन का हालचाल जानकर वापस जा रहे थे। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, चौराहा पार करते समय पीछे से आ रहे तेज रफ्तार डंपर ने उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही शिवनाथा सड़क पर गिर गईं और डंपर उन्हें कुचलता हुआ आगे निकल गया। हादसे में उनकी मौके पर ही मौत हो गई।

चालक वाहन सहित फरार

घटना के बाद डंपर चालक मौके से फरार हो गया। स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है और फरार चालक की तलाश में जुटी है।

परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़

मृतका शिवनाथा के पति का करीब 15 वर्ष पूर्व निधन हो चुका था। उनके परिवार में तीन बेटे—राजेश, बुधकरन और रामकरन हैं। हादसे की सूचना मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस का कहना है कि मामले में आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है तथा फरार डंपर चालक की तलाश के लिए प्रयास तेज कर दिए गए हैं।

और पढ़ें

Cricket Live Score

Corona Virus

Rashifal

और पढ़ें