पट्टी में अधिवक्ता से मारपीट, कनपटी पर तमंचा सटाकर दी जान से मारने की धमकी।
संवाददाता विनय कुमार मिश्रा प्रतापगढ
पट्टी। कोतवाली क्षेत्र में एक अधिवक्ता के साथ मारपीट और जान से मारने की धमकी का गंभीर मामला सामने आया है। कुकुवार गांव निवासी अधिवक्ता अरुण कुमार मिश्रा ने पुलिस को प्रार्थना पत्र देकर आरोप लगाया है कि सोमवार शाम करीब 8 बजे वह पट्टी से अपने घर जा रहे थे। जैसे ही वह गांव के पास पहुंचे, रास्ते में एक दबंग व्यक्ति ने उन्हें रोक लिया। आरोप है कि उक्त व्यक्ति ने गाली-गलौज करते हुए अधिवक्ता को थप्पड़ मारकर पीटना शुरू कर दिया और तमंचा उनकी कनपटी पर सटाकर जान से मारने की धमकी दी। पीड़ित अधिवक्ता के अनुसार, कुछ दिन पहले गांव के एक व्यक्ति की खेत पैमाइश राजस्व टीम के साथ कराई गई थी, इसी बात की रंजिश में पहले भी फोन पर गाली-गलौज और धमकी दी गई थी।। घटना की जानकारी मिलते ही तहसील के दर्जनों अधिवक्ता कोतवाली पट्टी पहुंच गए और मामले की शिकायत की। इस दौरान बार अध्यक्ष अनिल कुमार सिंह सहित कई अधिवक्ता मौजूद रहे।। कोतवाल आनंदपाल सिंह ने बताया कि प्रार्थना पत्र प्राप्त हो गया है और मामले की जांच कर आवश्यक विधिक कार्रवाई की जाएगी।।












