तेज़ रफ़्तार बाइक जेसीबी से भिड़ी, दो की दर्दनाक मौत
संवाददाता योगेन्द्र सिंह
एटा। कोतवाली देहात क्षेत्र में नायरा पेट्रोल पंप के पास रविवार देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। तेज़ रफ़्तार बाइक जेसीबी से टकरा गई, जिसमें बाइक सवार दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। मृतकों की पहचान सकीट थाना क्षेत्र के नगला हमीरपुर निवासी हेत सिंह और शांति स्वरूप के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार दोनों व्यक्ति एक शादी समारोह में शामिल होकर समधी के घर से वापस लौट रहे थे। जैसे ही उनकी बाइक हाईवे पर पहुंची, सामने खड़ी जेसीबी से जोरदार टक्कर हो गई। हादसे में बाइक के परखच्चे उड़ गए और दोनों गंभीर रूप से घायल होकर मौके पर ही दम तोड़ बैठे।
घटना के बाद आसपास हड़कंप मच गया। राहगीरों ने पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम गृह भेज दिया और आवश्यक कार्यवाही शुरू की। घटना के बाद परिजनों में कोहराम मचा हुआ है।












