सहारनपुर में 24 केंद्रों पर होगी होमगार्ड भर्ती परीक्षा, 50 हजार अभ्यर्थी होंगे शामिल,कड़ी सुरक्षा व्यवस्था, नकल रोकने के लिए सख्त इंतजाम
पवन सूर्यवंशी ब्यूरो चीफ ऑल एनसीआर सहारनपुर क्षेत्र
सहारनपुर। उत्तर प्रदेश में 25, 26 व 27 अप्रैल को आयोजित होने वाली होमगार्ड भर्ती परीक्षा को लेकर जनपद सहारनपुर में व्यापक तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (SSP) सहारनपुर ने जानकारी देते हुए बताया कि जनपद में यह परीक्षा तीनों दिन प्रतिदिन दो-दो शिफ्टों में आयोजित की जाएगी। उन्होंने बताया कि परीक्षा को शांतिपूर्ण, निष्पक्ष एवं नकल विहीन संपन्न कराने के लिए सभी 24 परीक्षा केंद्रों पर कड़ी सुरक्षा व्यवस्था लागू की गई है। प्रत्येक अभ्यर्थी की सघन चेकिंग के निर्देश दिए गए हैं तथा किसी भी प्रकार के इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों को परीक्षा केंद्र में प्रतिबंधित किया गया है। एसएसपी ने बताया कि परीक्षा केंद्रों के आसपास स्थित जेरॉक्स, साइबर कैफे आदि दुकानों को परीक्षा के दौरान बंद रखने के निर्देश दिए गए हैं, जिससे नकल की संभावनाओं को पूरी तरह समाप्त किया जा सके। अभ्यर्थियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए विशेष ट्रैफिक प्लान भी लागू किया गया है, ताकि उन्हें परीक्षा केंद्र तक पहुंचने में किसी प्रकार की असुविधा या जाम का सामना न करना पड़े। जनपद के 24 केंद्रों पर आयोजित इस परीक्षा में लगभग 50 हजार अभ्यर्थियों के शामिल होने की संभावना है। पूर्व में परीक्षा में धांधली में लिप्त पाए गए व्यक्तियों के विरुद्ध भी निरोधात्मक कार्रवाई की जा रही है।एसएसपी ने स्पष्ट किया कि परीक्षा की शुचिता बनाए रखने के लिए प्रशासन पूरी तरह सतर्क है तथा किसी भी प्रकार की अनियमितता करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।












