एटा में शुरू हुआ एचपीवी टीकाकरण अभियान, सर्वाइकल कैंसर से बचाव को 14-15 साल की बालिकाओं को लगेगा मुफ्त टीका।

एटा में शुरू हुआ एचपीवी टीकाकरण अभियान, सर्वाइकल कैंसर से बचाव को 14-15 साल की बालिकाओं को लगेगा मुफ्त टीका।

संवादाता अमन अहमद।

उत्तर प्रदेश के एटा जनपद में महिलाओं और किशोरियों को सर्वाइकल कैंसर जैसी गंभीर बीमारी से बचाने के लिए एचपीवी (ह्यूमन पैपिलोमावायरस) टीकाकरण अभियान की शुरुआत कर दी गई है। जिला प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग के संयुक्त प्रयास से चलाए जा रहे इस अभियान के तहत 14 से 15 वर्ष की आयु की बालिकाओं को निशुल्क एचपीवी वैक्सीन लगाई जा रही है। जिलाधिकारी अरविन्द सिंह ने अभिभावकों से अपील करते हुए कहा कि वे अपनी बेटियों का समय पर टीकाकरण अवश्य कराएं ताकि भविष्य में गर्भाशय ग्रीवा के कैंसर जैसी घातक बीमारी से बचाव संभव हो सके। स्वास्थ्य विशेषज्ञों के अनुसार सर्वाइकल कैंसर का मुख्य कारण एचपीवी संक्रमण होता है, जो तेजी से महिलाओं को प्रभावित कर रहा है। किशोरावस्था में एचपीवी वैक्सीन लगवाने से इस बीमारी का खतरा काफी हद तक कम हो जाता है। यही वजह है कि विश्व के 100 से अधिक देशों में यह टीकाकरण अभियान सफलतापूर्वक संचालित किया जा चुका है और इसके सकारात्मक परिणाम सामने आए हैं। जिले के सभी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों, महिला जिला चिकित्सालय और मेडिकल कॉलेज में यह टीका पूरी तरह निशुल्क उपलब्ध कराया गया है। टीकाकरण के लिए बालिका का आधार कार्ड अथवा जन्म प्रमाण पत्र तथा ओटीपी प्राप्त करने हेतु मोबाइल नंबर साथ लाना आवश्यक होगा। प्रशासन ने लोगों से किसी भी प्रकार की अफवाहों पर ध्यान न देने और वैज्ञानिक तथ्यों पर भरोसा करने की अपील की है। जिलाधिकारी ने स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों, सीएमओ और एसीएमओ के साथ बैठक कर ग्रामीण क्षेत्रों में जागरूकता अभियान तेज करने के निर्देश दिए हैं। गांव-गांव में एएनएम और आशा कार्यकर्ताओं के माध्यम से पंपलेट बांटे जा रहे हैं तथा लोगों को टीकाकरण के महत्व के बारे में जागरूक किया जा रहा है। प्रशासन का उद्देश्य जिले की प्रत्येक पात्र बालिका तक यह वैक्सीन पहुंचाकर एटा को सर्वाइकल कैंसर मुक्त बनाने की दिशा में मजबूत कदम उठाना है।

और पढ़ें

Cricket Live Score

Corona Virus

Rashifal

और पढ़ें