टेट परीक्षा की अनिवार्यता के विरोध में जनपद एटा के शिक्षकों ने सामूहिक रूप से पोस्टकार्ड अभियान चलाकर अपना विरोध दर्ज कराया।
संवाददाता योगेन्द्र सिंह
अखिल भारतीय संयुक्त शिक्षक महासंघ के जिला अध्यक्ष वीरपाल सिंह के नेतृत्व में शिक्षकों ने विभिन्न संवैधानिक पदों पर आसीन हस्तियों को पोस्टकार्ड भेजकर अपनी मांगों को उठाया।
शिक्षकों का कहना है कि 25 से 30 वर्षों से सेवा दे रहे शिक्षकों पर टीईटी (TET) की अनिवार्यता थोपना अन्यायपूर्ण है, जिसे तत्काल समाप्त किया जाना चाहिए। इसी मांग को लेकर अभियान के अंतिम दिन शिक्षकों ने महामहिम राष्ट्रपति, प्रधानमंत्री, सर्वोच्च न्यायालय के मुख्य न्यायाधीश, उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री तथा नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी को पोस्टकार्ड भेजकर विरोध जताया।
शिक्षकों ने चेतावनी दी है कि यदि उनकी मांगों पर शीघ्र निर्णय नहीं लिया गया तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा। इसी क्रम में 13 अप्रैल को शहीद पार्क से एटा कलेक्ट्रेट तक मशाल जुलूस निकालने की घोषणा भी की गई है, जिसमें बड़ी संख्या में शिक्षक शामिल होंगे।












