हाथरस में बढ़ती ठंड बनी जानलेवा: 7 दिनों में हार्ट अटैक से 7 लोगों की मौत, अस्पतालों में बढ़ी भीड़
सावंददाता–अश्वनी कुमार
हाथरस में तेज़ी से बढ़ती सर्दी अब मौत का कारण बनती जा रही है। ठंड बढ़ने के साथ हृदय और सांस संबंधी बीमारियों से पीड़ित मरीजों की संख्या तेजी से बढ़ी है। पिछले सात दिनों में जिले के अलग-अलग क्षेत्रों में हार्ट अटैक से सात लोगों की मौत हो चुकी है। सरकारी और निजी अस्पतालों की इमरजेंसी तथा ओपीडी में ऐसे मरीजों की भीड़ लगातार बढ़ रही है। बीती रात बलदेव नगर के 62 वर्षीय एक बुजुर्ग और सादाबाद के रसमई गांव के एक युवक की हार्ट अटैक से मृत्यु हुई। इससे पूर्व 26 नवंबर को हसायन के एदलपुर गांव में 48 वर्षीय महिला और सादाबाद क्षेत्र के सिधारी गांव में 62 वर्षीय बुजुर्ग की जान गई थी। 29 नवंबर को सहपऊ–सादाबाद रोड पर चलती बस में 50 वर्षीय यात्री को हार्ट अटैक आया था, जिससे उसकी मौत हो गई।
सबसे दर्दनाक मामला 24 नवंबर को सामने आया, जब शहर के मोहल्ला विष्णुपुरी के 29 वर्षीय युवक ने हार्ट अटैक से दम तोड़ दिया। वहीं 27 नवंबर को विद्यापति नगर निवासी एक व्यक्ति की भी हार्ट अटैक से मौत हुई।
अस्पतालों में बढ़ी भीड़
जिला अस्पताल की ओपीडी में सोमवार को 100 से अधिक मरीज सीने में दर्द, सांस फूलने और हार्ट संबंधी समस्याओं के साथ पहुंचे। एमडीटीबी अस्पताल में भी ऐसे मरीजों की संख्या बढ़ी है।
चिकित्सकों की सलाह: ठंड में रखें विशेष सावधानी
जिला अस्पताल के चिकित्सक डॉ. वरुण चौधरी ने ठंड के तेजी से बढ़ते प्रभाव को देखते हुए हृदय रोगियों को अत्यधिक सावधानी बरतने की सलाह दी। उन्होंने बुजुर्गों, हृदय रोगियों और पहले से बीमार व्यक्तियों को ठंड से बचने, गर्म कपड़े पहनने तथा अपनी दवाएं नियमित रूप से लेने की अपील की है।












