एडीजी आगरा व डीआईजी अलीगढ़ का जनपद में हाई-प्रोफाइल निरीक्षण, हर शाखा की बारीकी से हुई जांच
जिला संवाददाता काव्यांश रावत
जनपद में पुलिस व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ एवं प्रभावी बनाने के उद्देश्य से आज एडीजी आगरा जोन अनुपम कुलश्रेष्ठ एवं डीआईजी अलीगढ़ रेंज प्रभाकर चौधरी ने पुलिस कार्यालय का वार्षिक निरीक्षण किया। यह हाई-प्रोफाइल दौरा पूरे दिन चलता रहा, जिसमें पुलिस विभाग की कार्यप्रणाली का गहन मूल्यांकन किया गया। निरीक्षण के दौरान दोनों वरिष्ठ अधिकारियों ने पुलिस कार्यालय की पत्र व्यवहार शाखा, आंकिक शाखा, पुलिस लाइन्स, अपराध शाखा, महिला सहायता प्रकोष्ठ, विशेष जांच प्रकोष्ठ सहित अन्य विभागों का विस्तार से निरीक्षण किया। उन्होंने हर शाखा के कार्य, रिकॉर्ड संधारण, पारदर्शिता एवं कार्यकुशलता की गहनता से जांच की और आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए। इसके उपरांत जनपद के राजपत्रित अधिकारियों, थाना प्रभारियों एवं शाखा प्रभारियों के साथ एक महत्वपूर्ण गोष्ठी आयोजित की गई, जिसमें अपराध नियंत्रण, जनता से संवाद, महिला सुरक्षा, साइबर अपराध और त्वरित कार्रवाई जैसे विषयों पर विस्तार से चर्चा हुई।अधिकारियों ने पुलिस लाइन्स परिसर, आरटीसी (रिक्रूट ट्रेनिंग सेंटर) एवं साइबर थाना का भी निरीक्षण किया। वहीं जनपद को मिली नई फॉरेंसिक वैन का परीक्षण कर उसकी कार्यक्षमता का भी आंकलन किया गया, जिससे भविष्य में आपराधिक मामलों की जांच और अधिक प्रभावी हो सकेगी। दौरे के दौरान सैनिक सम्मेलन, पुलिस पेंशनर्स बैठक, जनप्रतिनिधियों से संवाद एवं व्यापार मंडल से वार्ता कर पुलिस और आम जनता के बीच समन्वय को मजबूत करने पर भी विशेष जोर दिया गया। इसके पश्चात एडीजी का काफिला थाना मिरहची पहुंचा, जहां थाने तथा मिशन शक्ति केंद्र का भी निरीक्षण किया गया। उन्होंने महिला सुरक्षा, शिकायत निस्तारण और आमजन की समस्याओं के त्वरित समाधान के संबंध में आवश्यक निर्देश दिए।
वरिष्ठ अधिकारियों के इस दौरे से पुलिस विभाग में नई ऊर्जा का संचार हुआ है और आने वाले समय में कानून-व्यवस्था को और अधिक मजबूत करने की दिशा में यह निरीक्षण एक अहम कदम माना जा रहा है।












