प्रतापगढ़ पट्टी में DM–SP की संयुक्त जनसुनवाई, जनसमस्याओं के त्वरित निस्तारण के निर्देश
संवाददाता अमित शुक्ला
तहसील पट्टी में आयोजित सम्पूर्ण समाधान दिवस के दौरान जिलाधिकारी शिव सहाय अवस्थी एवं पुलिस अधीक्षक दीपक भूकर ने संयुक्त रूप से जनसुनवाई करते हुए जनता की विभिन्न समस्याएँ सुनीं। भारी संख्या में लोग अपनी शिकायतें लेकर समाधान दिवस में पहुँचे, जहाँ प्रशासनिक अधिकारियों ने एक-एक प्रकरण को गंभीरता से सुना। जनसुनवाई के दौरान बिजली, पानी, सड़क, कानून-व्यवस्था, सुरक्षा, समाज कल्याण, राजस्व व अन्य विभागों से संबंधित मुद्दों पर विस्तृत चर्चा की गई। कई मामलों में अधिकारियों ने मौके पर ही आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए, जबकि जटिल मामलों को संबंधित विभागों को पारदर्शी, गुणवत्तापूर्ण और समयबद्ध निस्तारण के साथ निपटाने के लिए कहा। डीएम शिव सहाय अवस्थी ने कहा कि जनहित से जुड़े मामलों में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। वहीं एसपी दीपक भूकर ने पुलिस विभाग से संबंधित शिकायतों पर तुरंत कार्रवाई कर जनता को भरोसा दिलाया कि कानून-व्यवस्था को और मजबूत बनाया जाएगा।
अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि समाधान दिवस का मुख्य उद्देश्य लोगों को उनकी समस्याओं से त्वरित राहत दिलाना और प्रशासनिक जवाबदेही को मजबूत करना है। जनसुनवाई के दौरान कई शिकायतों का निस्तारण ऑन-द- स्पॉट भी किया गया।












