एटा: महिला को बहला-फुसलाकर भगा ले जाने व दुष्कर्म के मामले में वांछित आरोपी कमलेन्द्र गिरफ्तार
संवाददाता योगेन्द्र सिंह
थाना कोतवाली देहात पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। महिला को बहला-फुसलाकर भगा ले जाने तथा उसके साथ दुष्कर्म करने के गंभीर मामले में लंबे समय से वांछित चल रहे आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। यह कार्रवाई जनपद में फरार एवं वांछित अभियुक्तों के विरुद्ध चलाए जा रहे विशेष अभियान के दौरान की गई। पुलिस के अनुसार, थाना कोतवाली देहात में पंजीकृत मुकदमा संख्या 440/2025, धारा 87/69/351 बीएनएस में आरोपी की तलाश जारी थी। आरोपी की पहचान कमलेन्द्र पुत्र देवी सिंह, निवासी ग्राम नगला पवल, थाना कोतवाली देहात, जिला एटा, उम्र लगभग 30 वर्ष के रूप में हुई है। घटना के बाद से ही वह लगातार पुलिस की पकड़ से दूर भाग रहा था। सूत्रों के अनुसार, पुलिस को मुखबिर से आरोपी की मौजूदगी की सूचना मिली, जिसके आधार पर टीम ने दबिश दी और आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस का कहना है कि मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए उसे जल्द से जल्द गिरफ्तार करना जरूरी था।
गिरफ्तार आरोपी से पूछताछ की जा रही है तथा उसके विरुद्ध थाना स्तर से आवश्यक विधिक कार्रवाई अमल में लाई जा रही है। पुलिस टीम का कहना है कि फरार अभियुक्तों के खिलाफ अभियान आगे भी इसी कड़ाई के साथ जारी रहेगा।












