विश्व पर्यावरण दिवस पर जनपदभर में हुआ वृहद वृक्षारोपण
जिला संवादाता काव्यांश रावत
जनपद एटा उत्तर प्रदेश।

एटा। विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर जनपद एटा में पर्यावरण संरक्षण को लेकर व्यापक स्तर पर वृक्षारोपण अभियान चलाया गया। “एक पेड़ माँ के नाम” अभियान के अंतर्गत जिलेभर में हजारों पौधे रोपित कर हरियाली बढ़ाने का संकल्प लिया गया।
रामसर साइट पटना पक्षी विहार में आयोजित मुख्य कार्यक्रम में जिलाधिकारी अरविन्द सिंह, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. इलामारन जी, मुख्य विकास अधिकारी सहित अन्य अधिकारियों ने पौधरोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। इस अवसर पर स्कूली छात्र-छात्राओं ने जागरूकता रैली निकालकर लोगों को अधिक से अधिक पेड़ लगाने तथा उनके संरक्षण के लिए प्रेरित किया। रैली के माध्यम से पर्यावरण संतुलन, स्वच्छ वायु और हरित भविष्य का संदेश जन-जन तक पहुंचाया गया। जिलाधिकारी अरविन्द सिंह ने कहा कि बढ़ते जलवायु परिवर्तन और पर्यावरणीय चुनौतियों से निपटने के लिए वृक्षारोपण सबसे प्रभावी उपाय है। वहीं एसएसपी डॉ. इलामारन जी ने नागरिकों से अपील करते हुए कहा कि प्रत्येक व्यक्ति अपने जीवन में कम से कम एक पौधा अवश्य लगाए और उसकी देखभाल भी सुनिश्चित करे। जनभागीदारी के साथ चलाए गए इस अभियान ने हरित उत्तर प्रदेश के संकल्प को नई मजबूती प्रदान की। विश्व पर्यावरण दिवस पर एटा ने पर्यावरण संरक्षण और हरियाली बढ़ाने का प्रेरणादायक संदेश दिया।












