सड़क किनारे जाम, गंदगी और मौत को खुला न्योता! साजा शराब भट्टी के बाहर अराजकता, क्या बड़े हादसे का इंतजार कर रहे जिम्मेदार?
रोड किनारे खुलेआम शराब सेवन, अव्यवस्थित वाहन पार्किंग, डिस्पोजल व कचरे का अंबार; पुलिस व आबकारी विभाग की कार्यप्रणाली पर उठ रहे गंभीर सवाल
जिला संवाददाता ताम्रध्वज साहू
बेमेतरा / साजा। नगर स्थित शराब भट्टी के बाहर इन दिनों अव्यवस्था चरम पर पहुंच गई है। शराब खरीदने वाले लोग सड़क किनारे बैठकर खुलेआम शराब का सेवन कर रहे हैं, वहीं अनेक वाहन मुख्य मार्ग पर ही खड़े कर दिए जाते हैं, जिससे यातायात प्रभावित होने के साथ-साथ गंभीर दुर्घटना की आशंका लगातार बनी हुई है। स्थिति केवल यातायात अव्यवस्था तक सीमित नहीं है। शराब भट्टी परिसर और उसके आसपास बड़ी मात्रा में डिस्पोजल गिलास, शराब की खाली बोतलें, प्लास्टिक कचरा और अन्य अपशिष्ट फैला हुआ दिखाई दे रहा है। गंदगी के कारण पूरा क्षेत्र बदहाल नजर आ रहा है।और लोगों को आने-जाने में भी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। स्थानीय नागरिकों का कहना है कि सड़क किनारे शराब पीने वालों के कारण आए दिन विवाद की स्थिति बनती है, जबकि बेतरतीब खड़े वाहनों से कभी भी बड़ा सड़क हादसा हो सकता है। गंदगी और जलभराव ने क्षेत्र की स्थिति को और गंभीर बना दिया है। लोगों का आरोप है कि लंबे समय से यह स्थिति बनी हुई है, लेकिन पुलिस विभाग और आबकारी विभाग द्वारा कोई ठोस एवं प्रभावी कार्रवाई नहीं की जा रही है। इससे यह सवाल उठना स्वाभाविक है कि क्या जिम्मेदार विभाग किसी बड़ी दुर्घटना, विवाद या जनहानि का इंतजार कर रहे हैं? क्षेत्रवासियों ने जिला प्रशासन, पुलिस विभाग एवं आबकारी विभाग से मांग की है कि शराब भट्टी के बाहर खुलेआम शराब सेवन पर रोक लगाई जाए, सड़क पर खड़े वाहनों के विरुद्ध कार्रवाई हो तथा परिसर और आसपास फैली गंदगी तत्काल सफाई कराकर व्यवस्था दुरुस्त की जाए।
जनता का सीधा सवाल
“सड़क पर शराब, चारों ओर गंदगी, जाम और दुर्घटना का खतरा—आखिर कब जागेंगे जिम्मेदार अधिकारी?”












