मंदिर, अस्पताल और रिहायशी क्षेत्र के बीच धड़ल्ले से बिक रही शराब

मंदिर, अस्पताल और रिहायशी क्षेत्र के बीच धड़ल्ले से बिक रही शराब!

कलेक्टर-SP से शिकायत के बाद मचा हड़कंप, QR कोड से ऑनलाइन पेमेंट लेकर चल रहा अवैध कारोबार, आबकारी विभाग की भूमिका पर उठे गंभीर सवाल

जिला संवाददाता ताम्रध्वज साहू बेमेतरा। जिला मुख्यालय बेमेतरा में अवैध शराब कारोबार को लेकर बड़ा खुलासा सामने आया है। जिला कलेक्टर एवं पुलिस अधीक्षक बेमेतरा को सौंपे गए शिकायत पत्र में आरोप लगाया गया है कि जिला चिकित्सालय के सामने स्थित देवांगन समाज के परमेश्वरी माता मंदिर के ठीक बगल में खुलेआम अवैध शराब बिक्री की जा रही है। हैरानी की बात यह है कि शराब बिक्री के लिए बाकायदा QR कोड/बारकोड लगाकर ऑनलाइन भुगतान के माध्यम से कारोबार संचालित किया जा रहा है।

शिकायतकर्ता ताम्रध्वज साहू ने प्रशासन को दिए आवेदन में बताया कि धार्मिक स्थल, अस्पताल और रिहायशी क्षेत्र के बीच इस तरह खुलेआम शराब बिक्री से स्थानीय नागरिकों एवं महिलाओं में भारी आक्रोश व्याप्त है। आरोप है कि यह अवैध कारोबार लंबे समय से बेखौफ तरीके से चल रहा है, जिससे आबकारी विभाग एवं संबंधित अधिकारियों की कार्यप्रणाली पर गंभीर प्रश्नचिह्न खड़े हो रहे हैं।

आवेदन में यह भी उल्लेख किया गया है कि नयापारा वार्ड क्रमांक 15 में किराना दुकान की आड़ में भी लगातार अवैध शराब बेची जा रही है। शिकायत के अनुसार 11 मई 2026 को सिटी कोतवाली पुलिस ने कार्रवाई करते हुए लक्ष्मी नारायण यादव उर्फ गोलू के कब्जे से 13 पाव देशी मसाला शराब जब्त की थी, लेकिन कार्रवाई के कुछ ही दिनों बाद पुनः उसी स्थान पर खुलेआम शराब बिक्री शुरू हो गई। इससे प्रशासनिक कार्रवाई की प्रभावशीलता पर सवाल उठने लगे हैं।

 

स्थानीय लोगों का कहना है कि धार्मिक एवं सामाजिक वातावरण लगातार प्रभावित हो रहा है। मंदिर और अस्पताल जैसे संवेदनशील क्षेत्रों के आसपास शराब बिक्री होने से महिलाओं और आम नागरिकों में असुरक्षा का माहौल बन रहा है।

मामले की जानकारी लेने पत्रकारों द्वारा जिला आबकारी अधिकारी पलक नंद एवं आबकारी निरीक्षक वीणा भंडारी से संपर्क करने का प्रयास किया गया, लेकिन फोन रिसीव नहीं होने से विभाग की निष्क्रियता को लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं।

शिकायतकर्ता ने कलेक्टर एवं पुलिस अधीक्षक से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर अवैध शराब कारोबारियों पर कठोर वैधानिक कार्रवाई करने तथा संबंधित अधिकारियों की भूमिका की जांच कराने की मांग की है। अब देखने वाली बात होगी कि प्रशासन इस गंभीर मामले में कितनी सख्ती दिखाता है।

ये भी पढ़ें मैनपुरी जिला अस्पताल की लैब पर उठे सवाल: एक ही मरीज की तीन रिपोर्टों में अलग-अलग निकला हीमोग्लोबिन

और पढ़ें

Cricket Live Score

Corona Virus

Rashifal

और पढ़ें