डीएपी खाद की किल्लत से किसान बेहाल, जलेसर में सुबह 4 बजे से लगी लंबी कतारें
संवादाता अमन अहमद।
एटा। जलेसर क्षेत्र में डीएपी खाद की किल्लत से किसान बेहद परेशान हैं। सरसों और आलू की बुवाई का सीजन चलने के बीच खाद की कमी ने किसानों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। कृभको सेवा केंद्र, जलेसर पर सुबह से ही हजारों किसान डीएपी खाद लेने के लिए लंबी कतारों में खड़े नजर आए। कई किसान तो देर रात से ही लाइन में लग गए, लेकिन उन्हें खाद नहीं मिल पाई।
किसानों का कहना है कि उन्हें हर साल इसी समय डीएपी की जरूरत होती है, मगर इस बार पर्याप्त आपूर्ति नहीं हो रही। वितरण व्यवस्था में अव्यवस्था के कारण भीड़ और बढ़ रही है। कुछ किसानों ने बताया कि उन्हें कई दिनों से बार-बार केंद्र के चक्कर लगाने पड़ रहे हैं। नाराज किसानों ने शासन-प्रशासन से जल्द राहत दिलाने की मांग की है, ताकि समय पर बुवाई का कार्य पूरा हो सके। डीएपी की कमी पर किसानों में आक्रोश बढ़ता जा रहा है।












