एटा में सांसद खेल स्पर्धा की तैयारियों को लेकर बैठक सम्पन्न: अधिकारियों को दिए दिशा-निर्देश, आपसी समन्वय से करें कार्य
जिला संवाददाता काव्यांश रावत
एटा। आगामी सांसद खेल स्पर्धा के सफल आयोजन को लेकर जिला खेल विकास एवं प्रोत्साहन समिति की बैठक शुक्रवार को कलेक्ट्रेट स्थित एनआईसी सभागार में आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता अपर जिलाधिकारी (प्रशासन) सत्यप्रकाश ने की।बैठक में खेल स्पर्धा की तैयारियों पर विस्तार से चर्चा की गई। इसमें प्रतिभागियों की संख्या, खेल स्थलों की व्यवस्था, संसाधनों की उपलब्धता और आयोजन की रूपरेखा जैसे विषयों पर विचार-विमर्श हुआ। अपर जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि प्रतियोगिता के सफल आयोजन के लिए सभी तैयारियां समय से पूरी की जाएं। उन्होंने कहा कि विभिन्न विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करें, ताकि आयोजन सुव्यवस्थित और सफल हो सके।
वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग से जुड़े अधिकारी
बैठक में कई अधिकारी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग (वीसी) के माध्यम से भी शामिल हुए। इनमें मुख्य विकास अधिकारी डॉ. नागेंद्र नारायण मिश्र, जिला विद्यालय निरीक्षक डॉ. इंद्रजीत सिंह, तथा कैंप कार्यालय आगरा से विनीत सतीश और शिवम जैन शामिल रहे।
इसके साथ ही राज्यसभा सांसद नवीन जैन के निजी सहायक अखिल जैन भी वीसी के माध्यम से बैठक में उपस्थित रहे। विभिन्न संघों और विद्यालयों के प्रतिनिधि रहे मौजूद
बैठक में क्षेत्रीय युवा कल्याण अधिकारी, योगासन, कबड्डी, खो-खो, फुटबॉल और बैडमिंटन संघों के सचिव, समिति सदस्य तथा विभिन्न विद्यालयों के प्रधानाचार्य मौजूद रहे।
इसके अलावा अपर उप जिलाधिकारी राजकुमार मौर्य, पीयूष रावत, श्वेता सिंह, प्रधानाचार्य अविनाशी सहाय आर्य इंटर कॉलेज और प्रधानाचार्य जीजीआईसी भी बैठक में उपस्थित रहे।












