एटा में सोशल मीडिया पर अवैध असलाहों का खुला प्रदर्शन — कानून के हाथ बौने, अपराधी पुलिस गिरफ्त से बाहर
संवाददाता योगेन्द्र सिंह
जिले में नहीं थम रहा अवैध शस्त्र प्रदर्शन, युवाओं में कानून का खौफ गायब
एटा। जिले में कानून व्यव
स्था को चुनौती देने वाली तस्वीरें और वीडियो लगातार सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे हैं। फेसबुक, इंस्टाग्राम और स्नैपचैट जैसे प्लेटफॉर्म्स पर युवा खुलेआम अवैध असलहों के साथ रील बनाकर अपलोड कर रहे हैं। इन वीडियोज़ में युवक तमंचों और बंदूकों के साथ न केवल पोज़ देते दिख रहे हैं, बल्कि फिल्मी स्टाइल में फायरिंग की नकल करते हुए समाज में भय और शक्ति का झूठा प्रदर्शन भी कर रहे हैं। ऐसे में सवाल उठता है कि क्या ये युवक समाज में डर का माहौल बनाना चाहते हैं या फिर कानून को खुलेआम चुनौती दे रहे हैं? पुरानी कहावत है कि “कानून के हाथ बहुत लंबे होते हैं”, लेकिन एटा में तो यह कहावत अब केवल किताबों तक सीमित लगती है। सोशल मीडिया पर खुलेआम हथियार लहराने वाले इन युवकों पर पुलिस की पकड़ कमजोर दिखाई देती है। स्थानीय लोगों का कहना है कि ऐसे वीडियो अक्सर पुलिस अधिकारियों तक भी पहुंचते हैं, लेकिन कार्रवाई के नाम पर फाइलें ठंडी पड़ जाती हैं। जब तक खबरें अख़बारों की सुर्खियां नहीं बनतीं या चैनलों पर नहीं चलतीं, तब तक पुलिस का रुख़ सुस्त ही दिखाई देता है। यही वजह है कि युवाओं में कानून का खौफ खत्म होता जा रहा है और अवैध शस्त्र संस्कृति बढ़ती जा रही है। यदि पुलिस प्रशासन ऐसे मामलों में त्वरित और कठोरतम कार्रवाई करे — न केवल असलहों की बरामदगी हो बल्कि लाइसेंस और सोशल मीडिया अकाउंट की जांच भी की जाए — तो कई संभावित घटनाओं को रोका जा सकता है।
सूत्रों के अनुसार, फोटो और वीडियो में दिखाई देने वाले युवा कोतवाली देहात क्षेत्र के अंतर्गत गंजडुंडवारा रोड स्थित ग्राम रामपुर घनश्याम के निवासी बताए जा रहे हैं। इन पर अब तक कोई कार्रवाई नहीं हुई है, जिससे आमजन में सवाल उठ रहे हैं कि क्या जिले में कानून केवल आम नागरिकों के लिए ही सख्त है?












