कमिश्नरेट गाजियाबाद में उपनिरीक्षकगण हेतु इन्वेस्टमेंट एवं फाइनेंस मैनेजमेंट प्रशिक्षण (Investment Finance Management Training) कार्यक्रम का आयोजन ।
दैनिक चक्र न्यूज़ संवाददाता पवन सूर्यवंशी Delhi NCR


आज दिनांक 23.12.2025 को पण्डित दीनदयाल उपाध्याय ऑडिटोरियम सिहानी गेट अन्तर्गत कमिश्नरेट गाजियाबाद में नियुक्त उपनिरीक्षकगण के लिए Investment एवं Finance Management विषय पर एक विशेष प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। उक्त प्रशिक्षण कार्यक्रम में विभिन्न राष्ट्रीयकृत एवं निजी बैंकों के वरिष्ठ अधिकारियों द्वारा वित्तीय प्रबंधन, सुरक्षित निवेश, बचत योजनाएं, बैंकिंग उत्पादों, डिजिटल बैंकिंग, बीमा, पेंशन योजनाएं तथा भविष्य की आर्थिक योजना से सम्बन्धित महत्वपूर्ण जानकारियाँ दी गई। प्रशिक्षण का मुख्य उद्देश्य पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को वित्तीय रूप से जागरूक बनाना तथा उन्हें आर्थिक निर्णयों में दक्ष करना रहा। कार्यक्रम के दौरान बैंक अधिकारियों द्वारा यह भी बताया गया कि किस प्रकार नियमित आय में संतुलित निवेश कर भविष्य को सुरक्षित बनाया जा सकता है तथा वित्तीय धोखाधड़ी से कैसे बचा जाए। प्रतिभागियों द्वारा पूछे गए प्रश्नों का विशेषज्ञों ने सरल एवं व्यावहारिक उदाहरणों के माध्यम से समाधान प्रस्तुत किया। इस अवसर पर विभिन्न राष्ट्रीयकृत एवं निजी बैंकों के वरिष्ठ अधिकारियों सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारीगण एवं कर्मचारीगण उपस्थित रहे। इस प्रकार के प्रशिक्षण कार्यक्रम पुलिस कर्मियों के व्यक्तिगत एवं पारिवारिक जीवन को सुदृढ़ बनाने में सहायक सिद्ध होते हैं तथा आर्थिक सशक्तिकरण के माध्यम से कार्यक्षमता में भी वृद्धि होती है।
कमिश्नरेट गाजियाबाद द्वारा इस प्रकार के प्रशिक्षण कार्यक्रमों के माध्यम से पुलिस कर्मियों के सर्वांगीण विकास की दिशा में निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं।












