थाना प्रभारी की सह पर कब्जा कांड: सह-स्वामित्व भूमि पर अवैध निर्माण का आरोप, पुलिस ने रुकवाया काम
पवन सूर्यवंशी ब्यूरो चीफ ऑल एनसीआर
फर्रुखाबाद, जनपद में सह-स्वामित्व वाली जमीन पर अवैध कब्जे का मामला सामने आने से हड़कंप मच गया है। शहर कोतवाली क्षेत्र निवासी रानी दुबे ने पुलिस अधीक्षक फर्रुखाबाद को प्रार्थना पत्र देकर गंभीर आरोप लगाए हैं कि शमसाबाद थाना क्षेत्र के कुछ दबंग लोग थाना प्रभारी की कथित सह पर उनकी जमीन पर जबरन कब्जा करने का प्रयास कर रहे हैं। पीड़िता के अनुसार, संबंधित भूमि में उनका वैधानिक हिस्सा है और अब तक आपसी बंटवारा नहीं हुआ है। इसके बावजूद आरोपी—अनिल कुमार दुबे पुत्र राम लड़ेते निवासी कलुआसानी, थाना शमसाबाद तथा संतोष कुमार दुबे पुत्र राम लड़ेते निवासी नाला मछरटटा, कोतवाली फर्रुखाबाद—द्वारा दबंगई के बल पर जमीन पर मिट्टी डलवाकर अवैध निर्माण कार्य शुरू करा दिया गया। रानी दुबे ने बताया कि वह वर्तमान में शहर कोतवाली क्षेत्र में रह रही हैं, जिसका फायदा उठाकर आरोपी कई बार जमीन पर कब्जा करने की कोशिश कर चुके हैं। उन्होंने यह भी बताया कि 17 अप्रैल 2026 को भी इसी तरह का प्रयास किया गया था, जिसकी शिकायत पुलिस से की गई थी, लेकिन उस समय कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। पीड़िता का आरोप है कि स्थानीय स्तर पर कार्रवाई न होने से आरोपियों के हौसले बुलंद हो गए हैं। उन्होंने पुलिस अधीक्षक से मांग की है कि नामजद आरोपियों के खिलाफ सख्त धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाए। साथ ही, जमीन पर चल रहे अवैध निर्माण को तत्काल रुकवाने और भविष्य में किसी अनहोनी से बचाव हेतु सुरक्षा उपलब्ध कराने की भी अपील की है। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक के सख्त निर्देश के बाद थाना पुलिस मौके पर पहुंची और निर्माण कार्य को तत्काल रुकवा दिया। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है और तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।












