प्रतापगढ़: रेप का आरोपी अस्पताल से फरार, पुलिस में हड़कंप
जिला संवाददाता अमित शुक्ला
प्रतापगढ़/प्रयागराज। जनपद में सनसनीखेज मामले में रेप का आरोपी पुलिस की निगरानी से फरार हो गया। जानकारी के अनुसार, मानिकपुर थाना क्षेत्र में दो वर्षीय मासूम के साथ दरिंदगी करने वाला आरोपी जलालुद्दीन, जिसे तबीयत बिगड़ने पर इलाज के लिए स्वरूपरानी नेहरू अस्पताल भेजा गया था, वहां से फरार हो गया। बताया जा रहा है कि आरोपी कुंडा कोतवाली क्षेत्र के रहवई गांव का निवासी है। अस्पताल में भर्ती के दौरान मौका पाकर वह फरार हो गया, जिससे पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया है। घटना के बाद प्रयागराज और प्रतापगढ़ पुलिस की टीमें सक्रिय हो गई हैं और आरोपी की तलाश में संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। इस घटना के बाद सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल खड़े हो रहे हैं कि आखिर पुलिस निगरानी में भर्ती आरोपी कैसे फरार हो गया। मामले की जांच जारी है।












