झोलाछाप डॉक्टर पर गंभीर लापरवाही का आरोप, महिला के पेट में ऑपरेशन के दौरान छोड़ा कॉटन — कार्यवाही न होने पर डीएम को दिया गया प्रार्थनापत्र
संवाददाता – पंकज मिश्रा
मैनपुरी। जनपद मैनपुरी में स्वास्थ्य विभाग की बड़ी लापरवाही का मामला सामने आया है। झोलाछाप डॉक्टर पर एक महिला के ऑपरेशन के दौरान पेट में कॉटन छोड़ने का गंभीर आरोप लगा है। बताया जा रहा है कि यह मामला डॉ. रामनरेश के आर एन नर्सिंग होम, पीपरा घाट से जुड़ा हुआ है। पीड़िता और परिजनों ने आरोप लगाया कि ऑपरेशन के बाद महिला को लगातार पेट में दर्द और तकलीफ होती रही। जब अन्य डॉक्टरों को दिखाया गया, तो जांच में सामने आया कि महिला के पेट में ऑपरेशन के दौरान कॉटन छोड़ दी गई थी, जिससे उसकी हालत बिगड़ती चली गई। परिजनों ने मामले की शिकायत की जिस पर कोर्ट के आदेश पर आरोपी डॉक्टर के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई, लेकिन हैरानी की बात यह है कि अब तक सीएमओ कार्यालय द्वारा कोई प्रभावी कार्यवाही नहीं की गई। इस निष्क्रियता से नाराज़ पीड़िता और उसके परिजनों ने आज जिलाधिकारी (डीएम) मैनपुरी को एक प्रार्थनापत्र सौंपा, जिसमें उन्होंने स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों की भूमिका की जांच कराने और आरोपी डॉक्टर के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है। स्थानीय लोगों का कहना है कि झोलाछाप डॉक्टर खुलेआम मरीजों की जान से खिलवाड़ कर रहे हैं, लेकिन विभाग की चुप्पी ने कई सवाल खड़े कर दिए हैं।
प्रशासनिक सूत्रों के अनुसार, डीएम ने मामले की रिपोर्ट तलब की है और जांच के निर्देश दिए हैं।












