एटा में एसआईआर 2026 की तैयारियों की समीक्षा: 131 सेक्टर अधिकारियों की बैठक, डिजिटाइजेशन कार्य में तेजी के निर्देश।
संवादाता अमन अहमद।
एटा जिले में विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण कार्यक्रम (एसआईआर) 2026 की तैयारियों को लेकर कलेक्ट्रेट सभागार में 131 सेक्टर अधिकारियों की महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक सम्पन्न हुई। जिलाधिकारी प्रेमरंजन सिंह के निर्देशन में आयोजित इस बैठक की अध्यक्षता अपर जिलाधिकारी (न्यायिक) रमेश चंद्र मौर्य ने की। बैठक में विधानसभावार सेक्टर अधिकारियों से गणना प्रपत्रों के डिजिटाइजेशन और संग्रहण की प्रगति रिपोर्ट ली गई। जिन बूथों पर बूथ लेवल ऑफिसर (बीएलओ) द्वारा कार्य में ढिलाई पाई गई, वहां तुरंत गति बढ़ाने के निर्देश दिए गए। एडीएम ने कहा कि बीएलओ क्षेत्र की जमीनी जानकारी रखते हैं, इसलिए उनके साथ समन्वय बेहद आवश्यक है। उन्होंने खंड विकास अधिकारी, रोजगार सेवक, पंचायत सहायक, लेखपाल, चकबंदी लेखपाल और कोटेदारों को बीएलओ को पूरा सहयोग देने के लिए निर्देशित किया। एडीएम (न्यायिक) मौर्य ने यह भी स्पष्ट किया कि निर्वाचन कार्य अत्यंत संवेदनशील है और इसमें किसी भी स्तर पर लापरवाही स्वीकार्य नहीं होगी। सभी सेक्टर अधिकारियों को नियमित क्षेत्र भ्रमण और लंबित क्षेत्रों में ईआरओ, एईआरओ तथा सुपरवाइजर के साथ समन्वय कर कार्य पूर्ण कराने के निर्देश दिए गए। उन्होंने बताया कि एसआईआर वार रूम से लगातार मॉनिटरिंग की जा रही है तथा सेक्टरों की प्रगति का दैनिक विश्लेषण जारी है। किसी भी समस्या पर तुरंत वार रूम को सूचित करने के निर्देश दिए गए ताकि समाधान शीघ्र हो सके।
बैठक में अपर उपजिलाधिकारी पीयूष रावत, श्वेता सिंह, उप निदेशक कृषि सुमित कुमार, बेसिक शिक्षा अधिकारी दिनेश कुमार, जिला अर्थ एवं संख्याधिकारी प्रदीप कुमार, अपर सांख्यिकीय अधिकारी विनोद कुमार, डॉ. उपेंद्र, विमल कुमार, डॉ. मुनीश कुमार सहित सभी संबंधित सेक्टर अधिकारी उपस्थित थे।












