मुजफ्फरनगर: भौराकला गांव में 8 वर्षीय बच्चे का शव गन्ने के खेत में मिलने से सनसनी
संवाददाता: पवन सूर्यवंशी | मुजफ्फरनगर
मुजफ्फरनगर जनपद के थाना भौराकलां क्षेत्र अंतर्गत ग्राम भौराखुर्द में 8 वर्षीय बच्चे का शव गन्ने (ईख) के खेत में मिलने से पूरे गांव में सनसनी फैल गई। मासूम की मौत से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और गांव में शोक का माहौल व्याप्त है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार दिनांक 06.01.2026 को ग्राम भौराखुर्द निवासी श्री जमील उर्फ भीम ने थाना भौराकलां पर मौखिक सूचना दी थी कि उनका 8 वर्षीय पुत्र समद शाम करीब 4:30 बजे घर से खेलने गया था, लेकिन वापस नहीं लौटा। सूचना मिलते ही थाना भौराकलां पुलिस द्वारा टीम गठित कर बच्चे की तलाश शुरू की गई। इस दौरान परिजनों के साथ सीसीटीवी फुटेज एवं अन्य तकनीकी साक्ष्यों के माध्यम से बच्चे की खोजबीन की जा रही थी।

दिनांक 07.01.2026 को ग्राम भौराखुर्द के गन्ने के खेत में बच्चे का शव मिलने की सूचना पुलिस को प्राप्त हुई। सूचना पर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण श्री आदित्य बंसल, क्षेत्राधिकारी फुगाना श्री यतेन्द्र नागर एवं थानाध्यक्ष भौराकलां श्री मानवेन्द्र सिंह भाटी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया।
मौके पर फॉरेंसिक टीम एवं डॉग स्क्वॉड द्वारा साक्ष्य संकलन की कार्यवाही की गई। थाना भौराकलां पुलिस द्वारा शव का पंचायतनामा भरकर पोस्टमार्टम हेतु भिजवाया गया है। परिजनों से तहरीर प्राप्त कर सुसंगत धाराओं में अभियोग पंजीकृत करते हुए अग्रिम विधिक कार्यवाही की जा रही है।
घटना की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक मुजफ्फरनगर श्री संजय कुमार वर्मा एवं पुलिस अधीक्षक ग्रामीण श्री आदित्य बंसल ने भी घटनास्थल का निरीक्षण किया। अधिकारियों ने मृतक बच्चे के परिजनों से वार्ता कर उन्हें ढांढस बंधाया और निष्पक्ष व प्रभावी जांच का आश्वासन दिया। साथ ही अधीनस्थ अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि घटना के प्रत्येक पहलू की गहनता से जांच की जाए।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्री संजय कुमार वर्मा ने बताया कि बच्चे के गले पर निशान पाए गए हैं, जिससे प्रथम दृष्टया मामला गला दबाकर हत्या का प्रतीत हो रहा है। फॉरेंसिक विभाग को सूचना दे दी गई है और रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
फिलहाल पुलिस आसपास के क्षेत्र में पूछताछ, तकनीकी साक्ष्यों का संकलन, सीसीटीवी फुटेज की जांच एवं अन्य सभी संभावित पहलुओं पर जांच कर रही है। गांव में किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए भारी पुलिस बल तैनात किया गया है।
ये भी पढ़ें पुलिस टीम द्वारा 01 शातिर हिस्ट्रीशीटर अभियुक्त अवैध शस्त्र सहित गिरफ्तार












