डीएम के निर्देश पर शुरू हुआ SIR का कार्य
संवाददाता: पंकज मिश्रा
मैनपुरी। जिले में जिलाधिकारी के निर्देश पर विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण (SIR) का कार्य शुरू हो गया है। इस अभियान के तहत मतदाता सूची में नाम जोड़ने, संशोधन कराने और विलोपन की प्रक्रिया की जाएगी। करहल तहसील में एसडीएम सुनिष्ठा सिंह ने इस अभियान की शुरुआत की। उन्होंने स्वयं क्षेत्र में जाकर मतदाता पुनरीक्षण के प्रपत्र बांटे और बीएलओ को निर्देश दिए कि वे घर-घर जाकर योग्य मतदाताओं के फार्म भरें, ताकि कोई भी पात्र मतदाता सूची से वंचित न रह जाए। अधिकारियों के अनुसार, यह विशेष अभियान चार दिसंबर तक चलेगा। इस अवधि में बीएलओ घर-घर जाकर मतदाता सूची का सत्यापन करेंगे और नए मतदाताओं के नाम जुड़वाने का कार्य करेंगे।
एसडीएम ने लोगों से अपील की है कि 18 वर्ष की आयु पूर्ण कर चुके युवक-युवतियां अपना नाम मतदाता सूची में अवश्य दर्ज कराएं, ताकि आगामी चुनावों में वे अपने मताधिकार का प्रयोग कर सकें।












