एटा महोत्सव की प्रदर्शनी में कई विभागों के स्टॉल मिले बंद.प्रशासनिक निगरानी पर उठे सवाल

एटा महोत्सव की प्रदर्शनी में कई विभागों के स्टॉल मिले बंद.प्रशासनिक निगरानी पर उठे सवाल

संवाददाता मुकेश कुमार एटाउत्तर प्रदेश स्थापना दिवस के कार्यक्रम समापन के बाद एटा महोत्सव में लगी विभागीय प्रदर्शनी की वास्तविक स्थिति सामने आई है। जिलाधिकारी प्रेम रंजन सिंह के स्पष्ट निर्देशों के बावजूद जिले के कई विभाग अपने-अपने स्टॉल से नदारद पाए गए। निरीक्षण के दौरान यह देखा गया कि कुछ स्टॉलों पर कर्मचारी मौजूद थे और लोगों को योजनाओं की जानकारी दे रहे थे, लेकिन कई स्टॉल पूरी तरह खाली पड़े थे, जहां न तो कर्मचारी थे और न ही सरकार की योजनाओं से संबंधित कोई जानकारी या प्रपत्र उपलब्ध थे।

जब इस संबंध में विभागीय अधिकारियों से संपर्क करने का प्रयास किया गया तो अधिकांश अधिकारियों ने फोन तक उठाना उचित नहीं समझा। इससे विकास भवन में तैनात मुख्य विकास अधिकारी नागेंद्र नारायण मिश्र की मॉनिटरिंग व्यवस्था पर भी प्रश्नचिन्ह लग गया है।

कृषि विभाग के पास कुल पांच स्टॉल हैं, लेकिन उनमें से केवल एक स्टॉल पर एक कर्मचारी मौजूद मिला, जो संतोषजनक जानकारी देने में सक्षम नहीं था। वहीं खादी एवं ग्रामोद्योग विभाग का स्टॉल पूरी तरह खाली मिला, जबकि इसका उद्देश्य केंद्र सरकार की योजनाओं को स्वदेशी स्वरूप में आमजन तक पहुंचाना था। विद्युत विभाग के स्टॉल से कर्मचारी और बिजली दोनों ही नदारद दिखे। होम्योपैथिक और आयुष विभाग के किसी भी स्टॉल पर कर्मचारी मौजूद नहीं थे। समाज कल्याण, श्रम एवं प्रोबेशन विभागों की स्थिति भी उदासीन नजर आई।

हालांकि बेसिक शिक्षा, नगरीय निकाय, सिंचाई, सोलर तथा परिवहन विभाग के कर्मचारी अपने स्टॉल पर सक्रिय दिखे और लोगों को योजनाओं की जानकारी के साथ-साथ संबंधित प्रपत्र भी उपलब्ध कराए गए।

कुल मिलाकर यह माना जा सकता है कि कुछ विभागों की लापरवाही के चलते मुख्य विकास अधिकारी की निगरानी व्यवस्था कमजोर पड़ती दिखाई दे रही है, जिससे सरकारी योजनाओं का प्रचार-प्रसार प्रभावित हो रहा है।

वहीं दूसरी ओर एटा महोत्सव की समग्र व्यवस्थाएं संतोषजनक पाई गईं। सुरक्षा की दृष्टि से प्रदर्शनी परिसर में सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं और पुलिस की कड़ी निगरानी बनी हुई है। नगर कोतवाली की देखरेख में पूरे परिसर में पुलिस गश्त करती नजर आई। कार्यक्रमों को सुचारु रूप से संचालित करने के लिए बैठने और गैलरी की अलग-अलग व्यवस्था भी जिला प्रशासन द्वारा बेहतर तरीके से की गई है।

ये भी पढ़ें उत्तर प्रदेश स्थापना दिवस पर प्रतापगढ़ पहुंचे माननीय राज्य परिवहन मंत्री श्री दयाशंकर सिंह, तुलसी सदन में हुआ स्वागत व सम्मान-

और पढ़ें

Cricket Live Score

Corona Virus

Rashifal

और पढ़ें