एटा में विवाहिता की संदिग्ध मौत से मचा हड़कंप: परिजनों ने लगाया ससुराल पक्ष पर गला दबाकर हत्या का आरोप
संवाददाता धर्मेंद्र चौहान
एटा। मिरहची थाना क्षेत्र के नगला हिमंचल गांव में रविवार को एक विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत से
गांव में सनसनी फैल गई। मृतका के परिजनों ने ससुराल पक्ष पर गला दबाकर हत्या करने का गंभीर आरोप लगाया है। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लिया और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। नगला कन्ही निवासी जगदीश सिंह ने बताया कि उनकी बेटी निशा की शादी करीब दस साल पहले नगला हिमंचल निवासी जयपाल सिंह के बेटे राहुल से हिंदू रीति-रिवाजों के अनुसार हुई थी। रविवार को परिजनों को गांववालों से निशा की मौत की सूचना मिली। जब वे मौके पर पहुंचे, तो उन्हें निशा के शव को संदिग्ध हालत में पाया गया। निशा के पिता ने आरोप लगाया कि उनकी बेटी की गला दबाकर हत्या की गई है। उन्होंने इस मामले में दामाद राहुल, ससुर जयपाल सिंह और अन्य ससुराल पक्ष के लोगों को जिम्मेदार ठहराया है। घटना की सूचना पर थानाध्यक्ष कपिल कुमार नैन और क्षेत्राधिकारी संजय सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। फील्ड यूनिट और डॉग स्क्वायड टीम ने घटनास्थल पर साक्ष्य जुटाए। पुलिस ने मृतका के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
थानाध्यक्ष ने बताया कि समाचार लिखे जाने तक पुलिस को कोई लिखित तहरीर प्राप्त नहीं हुई थी। तहरीर मिलने पर संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।












