एटा में अपराध निरोधक समिति का शपथ ग्रहण समारोह सम्पन्न: समाज सेवा और अपराध मुक्त वातावरण का लिया संकल्प
संवाददाता धर्मेंद्र चौहान
एटा। उत्तर प्रदेसीय अपराध निरोधक समिति – एटा की जिला इकाई का शपथ ग्रहण समारोह रविवार को दीपाशीष गेस्ट हाउस में बड़े ही उत्साहपूर्वक संपन्न हुआ। इस दौरान नव-नियुक्त पदाधिकारियों को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई गई।कार्यक्रम में प्रदेश सचिव प्रेमशंकर गुप्ता ने सभी नवनियुक्त पदाधिकारियों और सदस्यों को शपथ ग्रहण कराई। वहीं, पी.एस. राजपूत को समिति का जिला सचिव नियुक्त किया गया। समिति के चेयरमैन कमलेश श्रीवास्तव ने बताया कि अपराध निरोधक समिति की स्थापना वर्ष 1938 में जेल बंदियों के कल्याण एवं पुनर्वास के उद्देश्य से की गई थी। संस्था समाज में अपराध की रोकथाम, बंदियों के जीवन स्तर में सुधार और सामाजिक समरसता स्थापित करने की दिशा में कार्य करती है। प्रदेश सचिव प्रेमशंकर गुप्ता ने अपने संबोधन में कहा कि समिति के सदस्य समाज में अपराध के प्रति जागरूकता फैलाने, सुधारात्मक गतिविधियों को प्रोत्साहित करने और युवाओं को सही दिशा में आगे बढ़ाने के लिए सक्रिय रहेंगे। उन्होंने कहा कि अपराध मुक्त समाज का निर्माण तभी संभव है जब नागरिक जागरूकता और सहयोग की भावना से एकजुट होकर कार्य करें।
समारोह में जिलेभर से समिति के पदाधिकारी, सदस्य और विशिष्ट अतिथि उपस्थित रहे। कार्यक्रम के अंत में समाज सेवा, अनुशासन और अपराध मुक्त वातावरण की दिशा में समिति के निरंतर सक्रिय योगदान का संकल्प लिया गया।












