कीर्ति चक्र एवं गैलेण्ट्री मेडल से सम्मानित निरीक्षक सुनील कुमार का शौर्य उत्तर प्रदेश पुलिस के लिए गौरव और प्रेरणा
पवन सूर्यवंशी ब्यूरो चीफ़ ऑल एनसीआर
स्वतंत्रता दिवस-2026 के अवसर पर उत्तर प्रदेश पुलिस के लिए यह अत्यंत गौरव और सम्मान का विषय है कि एसटीएफ के निरीक्षक स्वर्गीय श्री सुनील कुमार को उनकी अदम्य वीरता एवं कर्तव्य की वेदी पर दिए गए सर्वोच्च बलिदान के सम्मान में भारत सरकार द्वारा मरणोपरांत ‘कीर्ति चक्र’ से अलंकृत किया गया है।
इसके साथ ही, अपराधियों के विरुद्ध एक अन्य साहसिक अभियान में प्रदर्शित असाधारण वीरता के लिए उन्हें ‘गैलेण्ट्री मेडल’ से भी सम्मानित किया गया है। उत्तर प्रदेश सिविल पुलिस के किसी कर्मी को प्रदान किया गया यह प्रथम कीर्ति चक्र है, जो सम्पूर्ण उत्तर प्रदेश पुलिस परिवार के लिए ऐतिहासिक गौरव का क्षण है
दिनांक 20.01.2025 को जनपद शामली में कुख्यात अपराधियों के साथ हुई मुठभेड़ के दौरान निरीक्षक सुनील कुमार ने अपने प्राणों की परवाह किए बिना अदम्य साहस एवं कर्तव्यनिष्ठा के साथ अपराधियों का मुकाबला किया। इस कार्रवाई में वे गंभीर रूप से घायल हुए और
दिनांक 22.01.2025 को कर्तव्य पथ पर सर्वोच्च बलिदान देते हुए वीरगति को प्राप्त हुए। ‘कीर्ति चक्र’ से उनका अलंकरण उनके अप्रतिम शौर्य और बलिदान के प्रति राष्ट्र का सम्मान है तथा उत्तर प्रदेश पुलिस की उस कर्तव्यपरायण परंपरा को नमन है, जिसमें जनसुरक्षा और कानून के शासन की रक्षा सर्वोपरि है।
निरीक्षक सुनील कुमार का सेवाकाल अनेक साहसिक अभियानों और उत्कृष्ट पुलिसिंग से परिपूर्ण रहा।
दिनांक 04.05.2023 को जनपद मेरठ के थाना जानी क्षेत्र में एसटीएफ के साथ हुई मुठभेड़ में 66 अभियोगों में वांछित कुख्यात अपराधी अनिल दुजाना घायल हुआ, जिसकी उपचार के दौरान मृत्यु हो गई। इस अभियान में प्रदर्शित असाधारण साहस के लिए निरीक्षक सुनील कुमार को स्वतंत्रता दिवस-2026 के अवसर पर ‘गैलेण्ट्री मेडल’ से सम्मानित किया गया है।
‘कीर्ति चक्र’ और ‘गैलेण्ट्री मेडल’ से सम्मानित निरीक्षक सुनील कुमार का शौर्य एवं सर्वोच्च बलिदान उत्तर प्रदेश पुलिस की गौरवशाली परंपरा में सदैव स्वर्णिम अक्षरों में अंकित रहेगा। उनका साहस सम्पूर्ण पुलिस बल को निर्भीकता, कर्तव्यनिष्ठा और जनसेवा के सर्वोच्च आदर्शों के लिए सदैव प्रेरित करता रहेगा। उत्तर प्रदेश पुलिस अपने इस वीर साथी के अदम्य साहस और सर्वोच्च बलिदान को श्रद्धापूर्वक नमन करती है।












