तेज रफ्तार कार पुलिया तोड़ गड्ढे में गिरी, चालक घायल।
संवाददाता विनय कुमार मिश्रा प्रतापगढ़।
प्रतापगढ़ के कंधई थाना क्षेत्र में बुधवार को एक बड़ा सड़क हादसा हो गया। मंगरौरा-दीवानगंज मार्ग पर अनहवा गांव के पास तेज रफ्तार अनियंत्रित कार पुलिया से टकराते हुए गड्ढे में जा गिरी। हादसे में कार चालक घायल हो गया। जानकारी के अनुसार दिलीपपुर थाना क्षेत्र के सरखेलपुर निवासी रज्जाक अहमद का 19 वर्षीय बेटा समशीद अपने बड़े पिता के बेटे नौशाद की अर्टिगा कार लेकर कोहंडौर थाना क्षेत्र के मदाफरपुर बाजार बहन के यहां ईद का सामान पहुंचाने गया था। वापस लौटते समय अनहवा गांव के समीप कार अचानक अनियंत्रित हो गई और पुलिया तोड़ते हुए गड्ढे में जा गिरी। हादसे की तेज आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और कार में फंसे चालक को बाहर निकालकर इलाज के लिए अस्पताल भेजा। सूचना मिलने पर कंधई पुलिस भी मौके पर पहुंची और घटना की जानकारी वाहन स्वामी को दी।
घायल समशीद को निजी चिकित्सक के यहां उपचार के लिए ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद हालत सामान्य होने पर घर भेज दिया गया।
इस संबंध में कंधई थाना प्रभारी आदित्य सिंह ने बताया कि कार हादसे की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची थी। मामले की जांच की जा रही है।












