ये कंगारू खिलाड़ी नहीं खेलेगा 2026 का आईपीएल
रिपोर्टर राज भूषण वर्मा
ऑस्ट्रेलिया के ऑलराउंडर ग्लेन मैक्सवेल ने मंगलवार को यह जानकारी दी कि वह 2026 के आईपीएल में वह नहीं खेलेंगे। इससे पहले, आंद्रे रसेल और फाफ डु प्लेसिस ने भी 16 दिसंबर को अबू धाबी में होने वाली नीलामी से खुद को अलग कर लिया था।मैक्सवेल ने अपने सोशल मीडिया पर लिखा कि यह निर्णय उन्होंने सोच-समझकर लिया है। उन्होंने कहा कि आईपीएल में कई यादगार सीजन बिताने के बाद, मैंने इस साल नीलामी में अपना नाम न डालने का निर्णय लिया है। यह मेरे लिए एक महत्वपूर्ण कदम है, और मैं इस लीग से मिली सभी चीजों के लिए आभारी हूं।
मैक्सवेल का आईपीएल सफर
पिछले साल, मैक्सवेल पंजाब किंग्स के लिए खेल रहे थे, जहां उन्होंने श्रेयस अय्यर की कप्तानी और रिकी पोंटिंग की कोचिंग में अपनी टीम का हिस्सा बने। हालांकि, उंगली में चोट के कारण वह पूरे सीजन से बाहर रहे। पंजाब किंग्स ने उन्हें मेगा नीलामी में 4.2 करोड़ रुपये में खरीदा था। इससे पहले, चेन्नई सुपर किंग्स और सनराइजर्स हैदराबाद ने भी उन्हें अपनी टीम में शामिल करने की योजना बनाई थी, लेकिन अंततः किंग्स ने उन्हें अपने दस्ते में शामिल किया। हालांकि पिछले सीजन में उनका प्रदर्शन उम्मीद के अनुसार नहीं रहा, फिर भी मैक्सवेल ने अपने आईपीएल करियर को हमेशा यादगार माना। उन्होंने छह पारियों में केवल 48 रन बनाए और गेंदबाजी में भी सीमित अवसर मिले।
भावनात्मक विदाई
मैक्सवेल ने अपने ट्विटर संदेश में कहा कि आईपीएल ने उन्हें एक क्रिकेटर और व्यक्ति के रूप में विकसित करने में मदद की है। उन्होंने विश्व स्तरीय टीम के साथियों के साथ खेलने, अद्भुत फ्रेंचाइजी का प्रतिनिधित्व करने और प्रशंसकों के सामने प्रदर्शन करने को अपने लिए सौभाग्य बताया। उन्होंने आगे लिखा कि भारत की यादें, चुनौतियां और ऊर्जा हमेशा उनके साथ रहेंगी। उन्होंने वर्षों से मिले समर्थन के लिए धन्यवाद दिया और आशा व्यक्त की कि जल्द ही फिर से मिलेंगे।
विदेशी ऑलराउंडरों की कमी
मैक्सवेल के आईपीएल से बाहर होने से विदेशी ऑलराउंडरों की कमी महसूस की जाएगी। उनके जाने के बाद, टीमों को ऐसे खिलाड़ियों की तलाश होगी जो तेज गेंदबाजी और बल्लेबाजी दोनों में योगदान दे सकें। रसेल और डु प्लेसिस के हटने के बाद यह स्पष्ट हो गया है कि इस साल की मिनी-नीलामी में उच्च गुणवत्ता वाले विदेशी ऑलराउंडरों की मांग बढ़ सकती हैं।












