एटा में शराब पीने के विवाद में दो गर्भवती महिलाओं सहित तीन घायल: लाठी-डंडों और पत्थरों से हुआ हमला, पुलिस जांच में जुटी
संवाददाता धर्मेंद्र चौहान
एटा। नयागांव थाना क्षेत्र के अमोघपुर भाटान गांव में गुरुवार देर रात शराब पीने को लेकर दो पक्षों में विवाद इतना बढ़ गया कि लाठी-डंडों और पत्थरों से जमकर हमला हो गया। इस घटना में दो गर्भवती महिलाओं सहित तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर हालात को काबू में किया और घायलों को अस्पताल भिजवाया। जानकारी के मुताबिक, गांव निवासी अंकित नामक व्यक्ति शराब पीकर गाली-गलौज कर रहा था। बताया गया है कि अंकित और उसके भाई अक्सर शराब पीने के बाद गांव में हंगामा करते हैं। गुरुवार रात भी जब अंकित ने गाली दी तो दूसरे पक्ष ने इसका विरोध किया। इसी बात पर कहासुनी बढ़ी और देखते ही देखते दोनों पक्षों में लाठी-डंडे और पत्थर चलने लगे।हमले में रागिनी (15 वर्ष, पुत्री रनवीर), सरिता (25 वर्ष, पत्नी सत्यपाल, नौ माह की गर्भवती) और दूसरे पक्ष की शिवानी (19 वर्ष, पत्नी अंकित, आठ माह की गर्भवती) घायल हो गईं। सभी घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र अलीगंज भेजा गया, जहां से दोनों गर्भवती महिलाओं को गंभीर हालत में एटा मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया।
घटना के पांच वीडियो सोशल मीडिया पर सामने आए हैं, जिनकी जांच पुलिस कर रही है। थाना नयागांव प्रभारी अनिल कुमार ने बताया कि विवाद शराब पीकर गाली-गलौज करने को लेकर हुआ था। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शांति व्यवस्था बहाल की है और मामले की जांच जारी है।












