तेज रफ्तार स्कूटी फिसलने से तीन नाबालिग घायल: एटा में हादसे के बाद अफरा-तफरी, मेडिकल कॉलेज में भर्ती
संवाददाता धर्मेंद्र चौहान
एटा। ठंडी सड़क पर एक तेज रफ्तार स्कूटी अनियंत्रित होकर फिसल गई। हादसे में स्कूटी सवार तीन नाबालिग गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय लोगों की मदद से तीनों को एम्बुलेंस के जरिए वीरांगना अवंतीबाई लोधी मेडिकल कॉलेज पहुंचाया गया, जहां उनका उपचार जारी है। जानकारी के मुताबिक, हादसा थाना कोतवाली नगर क्षेत्र के ठंडी सड़क के पास हुआ। घायल नाबालिगों की पहचान नई बस्ती निवासी अभिषेक (17 वर्ष) पुत्र योगेश, जितेंद्र (16 वर्ष) पुत्र प्रेमपाल और कुनाल (17 वर्ष) पुत्र योगेश के रूप में हुई है। बताया गया कि तीनों दोस्त स्कूटी से किसी काम से बाजार जा रहे थे, तभी अचानक स्कूटी अनियंत्रित होकर फिसल गई और सड़क पर गिर पड़े। राहगीरों ने तत्काल मौके पर पहुंचकर घायलों को उठाया और पुलिस को सूचना दी। कुछ ही देर में एम्बुलेंस पहुंची और घायलों को अस्पताल ले जाया गया।
घायल अभिषेक ने बताया कि वे तीनों दोस्त बाजार में सामान लेने आए थे। ठंडी सड़क पर स्कूटी फिसल जाने के कारण वे गंभीर रूप से घायल हो गए। फिलहाल तीनों का मेडिकल कॉलेज में इलाज जारी है और उनकी हालत स्थिर बताई जा रही है।












