पुलिस कमिश्नर गौतमबुद्धनगर श्रीमती लक्ष्मी सिंह के निर्देशन में “सांप-सीढ़ी” के लालच में न फंसें, सुरक्षित निवेश ही समझदारी– गौतमबुद्धनगर पुलिस की अपील
पवन सूर्यवंशी ब्यूरो चीफ़ ऑल एनसीआर



पुलिस कमिश्नर गौतमबुद्धनगर श्रीमती लक्ष्मी सिंह के निर्देशन में कमिश्नरेट गौतमबुद्धनगर पुलिस द्वारा आमजन को ऑनलाइन निवेश (Investment) के नाम पर होने वाली साइबर ठगी के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से एक जन-जागरूकता वीडियो जारी किया गया है। वीडि़यो में “सांप-सीढ़ी” के खेल की रोचक अवधारणा के माध्यम से यह संदेश दिया गया है कि जिस प्रकार खेल में एक गलत चाल व्यक्ति को ऊंचाई से नीचे ला सकती है, उसी प्रकार बिना जांच-पड़ताल के अधिक लाभ के लालच में किया गया निवेश आर्थिक नुकसान का कारण बन सकता है। वर्तमान समय में साइबर अपराधी सोशल मीडिया, फर्जी ट्रेडिंग एवं निवेश प्लेटफॉर्म, टेलीग्राम एवं व्हाट्सएप ग्रुप तथा आकर्षक ऑनलाइन विज्ञापनों के माध्यम से लोगों को कम समय में कई गुना लाभ का झांसा देकर अपने जाल में फंसाते हैं।शुरुआत में छोटे-छोटे लाभ दिखाकर विश्वास अर्जित किया जाता है और बाद में बड़ी धनराशि निवेश कराने के पश्चात निवेशकों से संपर्क समाप्त कर उनकी धनराशि हड़प ली जाती है। गौतमबुद्ध नगर पुलिस आमजन से अपील करती है कि कम समय में अत्यधिक एवं सुनिश्चित मुनाफे का दावा करने वाली किसी भी निवेश योजना से सतर्क रहें। किसी भी निवेश प्लेटफॉर्म या कंपनी की वैधता की जांच किए बिना धनराशि निवेश न करें।केवल अधिकृत एवं विश्वसनीय वित्तीय संस्थानों अथवा नियामक संस्थाओं से मान्यता प्राप्त प्लेटफॉर्म का ही उपयोग करें।सोशल मीडिया, टेलीग्राम या व्हाट्सएप ग्रुप में दिए गए निवेश संबंधी सुझावों पर बिना सत्यापन के भरोसा न करें। किसी भी अनजान व्यक्ति के कहने पर ओटीपी, यूपीआई पिन, बैंकिंग विवरण अथवा अन्य गोपनीय जानकारी साझा न करें तथा स्क्रीन शेयरिंग ऐप डाउनलोड करने से बचें।यदि आप किसी साइबर निवेश ठगी का शिकार हो जाते हैं, तो तत्काल राष्ट्रीय साइबर हेल्पलाइन 1930 पर कॉल करें अथवा www.cyber crime.gov.in पर शिकायत दर्ज करें। समय पर शिकायत करने से धनराशि सुरक्षित कराए जाने की संभावना बढ़ जाती है।साइबर सुरक्षा संबंधी जागरूकता को अधिक प्रभावी एवं व्यापक बनाने के उद्देश्य से गौतमबुद्धनगर पुलिस द्वारा आधिकारिक Instagram एवं YouTube चैनलों का शुभारंभ किया गया है। इन चैनलों के माध्यम से साइबर अपराधों के नए तौर-तरीकों, ऑनलाइन ठगी से बचाव के उपायों, डिजिटल सुरक्षा संबंधी महत्वपूर्ण सुझावों तथा साइबर जागरूकता वीडियो नियमित रूप से प्रसारित किए जाएंगे। आमजन से अनुरोध है कि इन आधिकारिक सोशल मीडिया चैनलों से जुड़कर स्वयं जागरूक बनें तथा अपने परिवार, मित्रों एवं परिचितों को भी साइबर सुरक्षा के प्रति जागरूक करें।याद रखें—“निवेश में शॉर्टकट नहीं, समझदारी चुनें। लालच की सीढ़ी अक्सर साइबर ठगी के सांप तक पहुंचाती है।
सतर्क रहें सुरक्षित रहें। https://www.instagram.com/reel/DaDOouWK5Os/?igsh=MTNvZnRja2ZmMXplNw== पुलिस कमिश्नरेट गौतमबुद्धनगर।












