उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा परिषद परीक्षा-2026: हाथरस में तैयारियां तेज, 44,370 परीक्षार्थी 99 केंद्रों पर देंगे परीक्षा
संवाददाता अश्वनी कुमार जिला हाथरस
हाथरस जनपद में यूपी बोर्ड की हाईस्कूल एवं इंटरमीडिएट परीक्षा-2026 को शांतिपूर्ण, नकलविहीन और पारदर्शी ढंग से संपन्न कराने के लिए प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। परीक्षा व्यवस्थाओं की समीक्षा के लिए पुलिस लाइन स्थित ऑडिटोरियम में जिलाधिकारी अतुल वत्स एवं पुलिस अधीक्षक चिरंजीव नाथ सिन्हा की अध्यक्षता में सैक्टर/स्टैटिक मजिस्ट्रेट्स और केंद्र व्यवस्थापकों की बैठक आयोजित की गई। जिलाधिकारी ने केंद्र व्यवस्थापकों, वाह्य केंद्र व्यवस्थापकों एवं स्टैटिक मजिस्ट्रेट्स को आपसी समन्वय स्थापित कर शासन की गाइडलाइन के अनुरूप परीक्षा संपन्न कराने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि परीक्षा केंद्रों पर किसी भी प्रकार की अव्यवस्था स्वीकार नहीं की जाएगी। परीक्षार्थियों के लिए बैठने की समुचित व्यवस्था, पर्याप्त प्रकाश, पेयजल, शौचालय एवं अन्य आवश्यक सुविधाएं अनिवार्य रूप से उपलब्ध कराई जाएं। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि किसी केंद्र पर मानक के अनुरूप व्यवस्थाएं नहीं पाई गईं तो संबंधित परीक्षा केंद्र को निरस्त कर भविष्य में केंद्र नहीं बनाया जाएगा। नकल विहीन, निष्पक्ष और शांतिपूर्ण परीक्षा कराना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। पुलिस अधीक्षक ने बताया कि परीक्षा अवधि के दौरान सभी 99 परीक्षा केंद्रों पर पर्याप्त पुलिस बल तैनात किया जाएगा, जिससे परीक्षा शांतिपूर्ण वातावरण में संपन्न हो सके।
जिला विद्यालय निरीक्षक ने जानकारी दी कि हाईस्कूल और इंटरमीडिएट की बोर्ड परीक्षाएं 18 फरवरी से 12 मार्च तक दो पालियों में आयोजित होंगी। पहली पाली सुबह 08:30 बजे से 11:45 बजे तक तथा दूसरी पाली दोपहर 02:00 बजे से 05:15 बजे तक संचालित होगी। जनपद में कुल 99 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं, जहां 44,370 परीक्षार्थी परीक्षा देंगे। इनमें 22,162 हाईस्कूल तथा 22,208 इंटरमीडिएट के छात्र-छात्राएं शामिल हैं।
बैठक में अपर जिलाधिकारी (न्यायिक), अपर पुलिस अधीक्षक, सभी उप जिलाधिकारी, सैक्टर एवं स्टैटिक मजिस्ट्रेट्स, केंद्र व्यवस्थापक तथा संबंधित अधिकारीगण उपस्थित रहे।












