ग्राम प्रधान पर तालाब की जमीन पर कब्जे का आरोप, डीएम से ग्रामीणों ने की शिकायत
संवादाता अमन अहमद।
एटा। रिजोर थाना क्षेत्र के ग्राम पंचायत चिंतापुर में ग्राम प्रधान पर गंभीर आरोप लगे हैं। ग्रामीणों ने जिलाधिकारी प्रेम रंजन सिंह से मुलाकात कर बताया कि ग्राम प्रधान रूबी और उनके प्रतिनिधि महेश बघेल ने सरकारी तालाब की लगभग 14 बीघा जमीन पर कब्जा कर लिया है। आरोप है कि इस जमीन की प्लॉटिंग करके ग्रामीणों को दो-दो लाख रुपये में बेचा जा रहा है। शिकायत करने वाले ग्रामीण मोनू चौहान ने बताया कि जब ग्रामीणों ने इस अवैध कब्जे और बिक्री का विरोध किया, तो ग्राम प्रधान और उनके सहयोगियों ने उन्हें जान से मारने की धमकी दी। इससे गांव में दहशत का माहौल बना हुआ है।
ग्रामीणों ने प्रशासन से तत्काल कार्रवाई की मांग की। जिलाधिकारी प्रेम रंजन सिंह ने शिकायत सुनने के बाद ग्रामीणों को आश्वासन दिया कि मामले की गहन जांच कराई जाएगी और दोषियों पर सख्त कार्रवाई होगी। इस घटना से गांव में चर्चा का माहौल है और लोग प्रशासन की कार्रवाई का इंतजार कर रहे हैं।












