मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जी ने आज लखनऊ में ‘वृहद पौधरोपण अभियान-2026’ की तैयारियों की समीक्षा करते हुए इस वर्ष एक दिन में 35 करोड़ पौधरोपण का लक्ष्य
पवन सूर्यवंशी ब्यूरो चीफ ऑल एनसीआर 


मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जी ने आज लखनऊ में ‘वृहद पौधरोपण अभियान-2026’ की तैयारियों की समीक्षा करते हुए इस वर्ष एक दिन में 35 करोड़ पौधरोपण का लक्ष्य निर्धारित किया है।मुख्यमंत्री जी ने आह्वान किया कि ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के तहत प्रत्येक विद्यार्थी एक पौधा लगाए तथा हर आंगनबाड़ी केंद्र में न्यूनतम 05 सहजन के पौधे रोपे जाएं। उन्होंने गंगा एक्सप्रेस-वे सहित प्रमुख मार्गों एवं नदियों के किनारों पर वृहद पौधरोपण को प्राथमिकता देने के निर्देश दिए। मुख्यमंत्री जी ने कहा कि जनभागीदारी से प्रदेश ने वृक्षारोपण में उल्लेखनीय उपलब्धियां हासिल की हैं और अब इसे जन-अभियान के रूप में आगे बढ़ाया जाए। विगत वर्षों में वन एवं वृक्ष आवरण में 3.38 लाख एकड़ की वृद्धि दर्ज की गई है और हरित आवरण लगभग 9.96% तक पहुंच चुका है। उन्होंने वर्ष 2030 तक 15% और 2047 तक 20% हरित आवरण का लक्ष्य प्राप्त करने हेतु वैज्ञानिक, योजनाबद्ध एवं परिणामोन्मुख कार्ययोजना पर बल दिया। बैठक के दौरान वन एवं पर्यावरण विभाग की ओर से मुख्यमंत्री को ‘शेखा झील पक्षी विहार, अलीगढ़’ के रामसर साइट घोषित किए जाने का प्रमाण पत्र भी सौंपा गया मुख्यमंत्री जी ने निर्देश दिए कि वृक्षारोपण के साथ-साथ पौधों की गुणवत्ता, सुरक्षा और जीवितता सुनिश्चित की जाए तथा आधुनिक तकनीक से सतत मॉनिटरिंग की जाए। ‘हरीतिमा’ ऐप, जीआईएस मैपिंग एवं क्यूआर कोड आधारित ट्रैकिंग जैसे डिजिटल माध्यमों से निगरानी को सुदृढ़ किया जा रहा है। उन्होंने सभी विभागों को 30 मई तक विस्तृत कार्ययोजना तैयार करने तथा जनप्रतिनिधियों, संस्थाओं व आमजन की सहभागिता से इस अभियान को सफल बनाने के निर्देश दिए।












