कुंडा में करंट लगने से युवक की मौत, निशान यात्रा के दौरान हुआ हादसा
जिला संवाददाता अमित शुक्ला
प्रतापगढ़ (कुंडा)। खुशी के माहौल में उस समय मातम छा गया जब निशान यात्रा के दौरान एक युवक की बिजली के करंट से मौत हो गई। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। जानकारी के अनुसार कुंडा नगर पंचायत के वार्ड नंबर 4 करेटी रोड महुआतार निवासी अरविंद उर्फ गोलू सोनी निशान लेकर जा रहा था। इसी दौरान घर के पास लगे बिजली के खंभे के तार से झंडा छू गया, जिससे तेज करंट लग गया। करंट की चपेट में आने से युवक गंभीर रूप से झुलस गया और उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के लोग बड़ी संख्या में मौके पर पहुंच गए। सूचना मिलने पर कुंडा पुलिस भी घटनास्थल पर पहुंची और युवक को तत्काल अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
युवक की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया और पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ गई।
घटना की सूचना मिलते ही जनसत्ता दल के प्रतिनिधि हरिओम शंकर श्रीवास्तव और कुंडा नगर पंचायत चेयरमैन शिवकुमार तिवारी भी मौके पर पहुंचे और परिजनों को सांत्वना दी।












