बेवर में घर में घुसकर युवक पर धारदार हथियार से हमला, फायरिंग करते हुए हमलावर फरार
संवाददाता: पंकज मिश्रा
मैनपुरी। बेवर थाना क्षेत्र के मोहल्ला कुचिलिया में सोमवार की रात एक सनसनीखेज वारदात सामने आई। रात करीब 9 बजे बीजलेश तिवारी पुत्र लालमन तिवारी अपने घर के बाहर बैठे थे। इसी दौरान बाइक सवार दो अज्ञात युवक वहां पहुंचे और अचानक बीजलेश तिवारी पर धारदार हथियार से गर्दन पर हमला कर दिया। हमले के बाद आरोपियों ने फायरिंग करते हुए मौके से फरार हो गए। घटना के बाद इलाके में भगदड़ जैसा माहौल बन गया। परिजन गंभीर रूप से घायल बीजलेश को तत्काल बेवर के सरकारी अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टर उनके उपचार में जुटे हैं।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घटना की जांच शुरू कर दी है। हमलावरों की तलाश के लिए पुलिस टीमों को सक्रिय किया गया है। पुलिस ने बताया कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है और जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।












