जानलेवा हमले के मामले में चौथा आरोपी गिरफ्तार, कोतवाली देहात पुलिस को बड़ी सफलता।
संवाददाता अमन अहमद।
जनपद एटा में अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना कोतवाली देहात पुलिस को एक और महत्वपूर्ण सफलता हाथ लगी है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक एटा के निर्देशन एवं अपर पुलिस अधीक्षक के निकट पर्यवेक्षण में वांछित अभियुक्तों की गिरफ्तारी के लिए लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में थाना कोतवाली देहात पुलिस ने जानलेवा हमले के मामले में प्रकाश में आए एक और आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस के अनुसार मुअस्सला संख्या 468/2025 में दर्ज मुकदमे में धारा 190, 191(2), 191(3), 115(2), 109, 351(2), 352, 234(4), 3(5) बीएनएस तथा 7 सीएल एक्ट के तहत कार्रवाई की जा रही है। मामले में फरार चल रहे आरोपी अभिषेक पुत्र मुकेश निवासी ग्राम विरामपुर थाना कोतवाली देहात एटा को पुलिस टीम ने विरामपुर भट्ठे के पास से गिरफ्तार किया। गिरफ्तारी के बाद पुलिस द्वारा आरोपी के खिलाफ आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। बताया गया है कि इसी मुकदमे में तीन अन्य आरोपियों को पुलिस पूर्व में गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है। अब चौथे आरोपी की गिरफ्तारी के बाद पुलिस मामले की गहनता से जांच में जुटी हुई है। गिरफ्तारी करने वाली टीम में उपनिरीक्षक गगनदीप सिंह, कांस्टेबल मुकेश कुमार, आरक्षी अनुज कुमार एवं आरक्षी पुलकित शामिल रहे। पुलिस अधिकारियों ने टीम की कार्रवाई की सराहना करते हुए कहा कि जनपद में कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए अपराधियों के खिलाफ अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।












