ग्राम विकास अधिकारी दीक्षा अवस्थी,कानपुर देहात के राजपुर ब्लॉक की ग्राम विकास अधिकारी दीक्षा अवस्थी को शासकीय कार्यों में लापरवाही बरतने के आरोप में निलंबित कर दिया गया है।
पवन सूर्यवंशी ब्यूरो चीफ़ ऑल एनसीआर
यह कार्रवाई अधिकारियों के आदेशों की अवहेलना और विकास कार्यों में बाधा डालने के कारण हुई है। मुख्य विकास अधिकारी (सीडीओ) के निर्देश पर जिला विकास अधिकारी (डीडीओ) ने यह कार्रवाई की है। दीक्षा अवस्थी पर आरोप है कि उन्होंने बुधौली क्लस्टर का प्रभार शिवकुमार शर्मा को हस्तांतरित नहीं किया, जिससे ग्राम पंचायत के विकास कार्यों का भुगतान रुक गया था।जिलाधिकारी के अनुमोदन के बाद 27 अप्रैल को क्लस्टर बुधौली ग्राम विकास अधिकारी शिवकुमार शर्मा को आवंटित किया गया था। उन्हें एक सप्ताह के भीतर सभी प्रभार हस्तांतरित करने के निर्देश दिए गए थे। इसके बावजूद दीक्षा अवस्थी ने बुधौली ग्राम पंचायत का प्रभार शिवकुमार शर्मा को नहीं सौंपा। प्रधान संघ राजपुर के ब्लॉक अध्यक्ष रामबली सिंह ने इस संबंध में सीडीओ विधान जायसवाल से शिकायत की थी। उन्होंने दीक्षा अवस्थी पर मनमानी करने और प्रभार न देने का आरोप लगाया था। शिकायत की जांच में आरोपों की पुष्टि होने के बाद डीडीओ सुनील कुमार तिवारी ने दीक्षा अवस्थी को निलंबित कर दिया। उन्हें जांच पूरी होने तक खंड विकास अधिकारी संदलपुर के कार्यालय से संबद्ध किया गया है सीडीओ ने स्पष्ट किया कि ग्राम विकास कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।












