मंत्री नन्दी के साथ तिहरा हत्याकांड पीड़ित परिवार मुख्यमंत्री से करेगा मुलाकात
संवाददाता आयुष मिश्र प्रयागराज


मेजा में तिहरे हत्याकांड के पीड़ित परिवार से मंत्री नन्दी ने की मुलाकात, न्याय के लिए किया आश्वस्त दोषियों के खिलाफ होगी ऐसी कार्रवाई की उनकी सात पुश्तें भी याद रखेंगीः नन्दी अवैध निर्माण एवं कब्जे पर दोषियों के खिलाफ होगी बुल्डोजर द्वारा ध्वस्तीकरण की कार्रवाई अखिलेश यादव की चुप्पी एवं मौजूदा सांसद और मौजूदा विधायक के मौके पर न पहुंचने पर मंत्री नन्दी ने उठाए सवाल इस तरह की घटनाओं में आंसू न निकलने पर ग्लिसरिन लगाकर पहुंचने वाले लोग हैं गायबः नंदी
प्रयागराज के मेजा स्थित कुकुर कटवा गांव में हुए तिहरे हत्याकांड के मामले में शुक्रवार को उत्तर प्रदेश सरकार के औद्योगिक विकास मंत्री नन्द गोपाल गुप्ता नन्दी घटना स्थल पर पहुंचे। मंत्री नन्दी ने मृतकों के परिजनों से मुलाकात कर उन्हें सांत्वना देते हुए ढांढस बंधाया। साथ ही दोषियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई के लिए आश्वस्त किया। मेजा थाना क्षेत्र के कुकुर कटवा गांव में सोमवार की रात 65 वर्षीय श्याम लाल गुप्ता, 58 वर्षीय इंद्रावती देवी और 52 वर्षीय अमरावती देवी की निर्ममता पूर्वक हत्या कर दी गई थी। तीनों के शव घर के बाहर मिले थे। पुलिस ने इस मामले में मुख्य आरोपी हिमांशु यादव सहित तीन लोगों को गिरफ्तार किया है। पुलिस मुठभेड़ में घायल होने के बाद हिमांशु को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पीड़ित परिवार ने मंत्री नन्दी के सामने अपनी चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि आरोपी जेल से बाहर आने के बाद दोबारा ऐसी घटना को अंजाम दे सकता है, जिससे परिवार को खतरा महसूस हो रहा है। मंत्री नन्दी ने परिजनों से पूरे घटनाक्रम की जानकारी ली और उन्हें आश्वस्त किया कि अपराधियों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा। मंत्री नन्दी ने एडीएम प्रशासन उपमा पांडेय और एसीपी एसपी उपाध्याय से मौके पर ही कार्रवाई की जानकारी ली। मंत्री नन्दी ने अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए कि पूरे मामले की गहराई से जांच कर दोषियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाए। घटना स्थल पर मौजूद मीडिया से बातचीत करते हुए मंत्री नन्दी ने कहा कि मेजा के कुकुर कटैया गांव में पिछले दिनों हुई तीन लोगों की हत्या का मामला बहुत ही हृदयविदारक एवं कष्टदायी दुखद घटना है। ऐसा दुस्साहसिक कार्य करने वाले जो भी लोग हैं, उनमें से एक को भी बख्शा नहीं जाएगा। कार्रवाई ऐसी होगी कि नजीर बने और उनकी सात पुश्तें याद रखें। जिंदगी में फिर कभी ऐसा दुस्साहसिक प्रयास करने से पहले सौ बार तौबा करेंगे, इस तरह की कार्रवाई दोषियों के खिलाफ की जाएगी।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में पिछले नौ वर्षों से जो सरकार चल रही है, उसमें अपराध एवं अपराधियों का समूल नाश करने का बीड़ा उठाया गया है। जिसके तहत कार्रवाई लगातार जारी है। कुछ अपराधी प्रदेश और शहर छोड़ चुके हैं तो कुछ दुनिया छोड़ चुके हैं। मंत्री नन्दी ने कहा कि कुकुर कटैया गांव का पीड़ित परिवार काफी डरा और सहमा हुआ है। उनकी मांग है कि मुख्यमंत्री से उनकी मुलाकात कराई जाए। जिस पर मुख्यमंत्री से समय लेकर पीड़ित परिवार को लखनऊ बुला कर मुख्यमंत्री से मुलाकात कराई जाएगी। पुलिस-प्रशासन, मीडिया एवं एलआईयू के माध्यम से मुख्यमंत्री को पूरे घटनाक्रम और कार्रवाई की पूरी जानकारी है। इसके अलावा परिवार के लोग मुख्यमंत्री से मुलाकात के दौरान अपनी पीड़ा रखेंगे साथ ही पूरे घटनाक्रम से अवगत कराते हुए कार्रवाई की मांग करेंगे। यह निश्चित है कि अपराधी बख्शे नहीं जाएंगे और पीड़ित परिवार को न्याय मिलेगा। अक्सर यह नारा सुनाई देता है कि जिस गाड़ी में सपा का झंडा, समझो उसमें बैठा गंुंडा, इसका जीता जागता प्रमाण समाजवादी टाइगर के रूप में फेसबुक पर चैलेंज देना और चैलेंज देने के बाद चौथे दिन विभत्स हत्या कांड को अंजाम देना। यह पाप जो दोषियों ने किया है, इस पाप की सजा दोषियों को इसी जनम में भुगतनी पड़ेगी। ऐसी कार्रवाई होगी कि उनकी सात पुश्तें याद रखेंगी। कार्रवाई में अवैध निर्माण एवं अवैध कब्जे के खिलाफ बुल्डोजर द्वारा ध्वस्तीकरण की कार्रवाई है, अगर दुस्साहस करते हैं और पुलिस पर हमला करते हैं तो एनकाउंटर की कार्रवाई भी शामिल हैं। मीडिया के लोगों ने सवाल करते हुए कहा कि घटनाक्रम पर अखिलेश यादव की टिप्पणी नहीं आई है, जिस पर मंत्री नन्दी ने कहा कि अखिलेश यादव की टिप्पणी छोड़िए मौजूदा सांसद और मौजूदा विधायक मौके पर नहीं आए है। पीड़ित परिवार से नहीं मिले हैं। क्योंकि ये सब लोग गुंडों को पालने वाले लोग हैं। पूरा प्रयागराज ही नहीं, बल्कि पूरा प्रदेश आज यह बात कह रहा है कि ऐसी कोई घटना होती है तो आंसू नहीं निकलता है तो ग्लिसरिन लगा कर आंसू बहाने पहुंच जाते हैं, ऐसा बताते हैं कि वे लोगों की मृत्यु और तेरहवीं पर शोक संवेदना व्यक्त करने जाते हैं, लेकिन यहां आने की फुर्सत नहीं है। क्योंकि ऐसे लोग केवल पॉलिटिक्स, पॉलिटिक्स और वोट का ध्यान रखते हैं।












