अपर पुलिस अधीक्षक ने नगर सर्किल की समीक्षा बैठक में दिए सख्त निर्देश, लंबित मामलों के शीघ्र निस्तारण पर जोर
संवादाता अमन अहमद
एटा। जनपद में कानून-व्यवस्था को और अधिक प्रभावी, पारदर्शी और जवाबदेह बनाने के उद्देश्य से अपर पुलिस अधीक्षक श्वेताभ पाण्डेय ने नगर सर्किल के सभी थानों का अर्दली रूम आयोजित कर पुलिस कार्यों की विस्तृत समीक्षा की। बैठक के दौरान थानों में लंबित विवेचनाओं, प्राप्त प्रार्थना पत्रों के निस्तारण, न्यायालय से जारी गैर जमानती वारंट (एनबीडब्ल्यू) की तामील, वांछित अपराधियों की गिरफ्तारी तथा महिला संबंधी अपराधों में की जा रही कार्रवाई की बिंदुवार समीक्षा की गई। समीक्षा के दौरान टॉप-10 अपराधियों की गतिविधियों पर सतत निगरानी रखने, हिस्ट्रीशीटरों का नियमित सत्यापन करने, ई-समन की समयबद्ध तामील, साइबर अपराधों की प्रभावी जांच तथा मिशन शक्ति केंद्र से संबंधित मामलों में त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। इसके साथ ही मालखाने में लंबित माल के निस्तारण की प्रगति का भी आकलन किया गया अपर पुलिस अधीक्षक ने वाहन चोरी, नकबजनी और अन्य चोरी की घटनाओं से संबंधित लंबित विवेचनाओं की समीक्षा करते हुए विवेचकों को साक्ष्यों के आधार पर गुणवत्तापूर्ण और समयबद्ध विवेचना पूरी करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि अपराध नियंत्रण के साथ-साथ आमजन के साथ संवेदनशील और शालीन व्यवहार पुलिस की प्राथमिक जिम्मेदारी है। महिला सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए प्रत्येक शिकायत पर तत्काल और निष्पक्ष कार्रवाई सुनिश्चित करने के भी निर्देश दिए गए। बैठक में क्षेत्राधिकारी नगर कीर्तिका सिंह सहित नगर सर्किल के सभी थाना प्रभारी, विवेचक एवं संबंधित पुलिस अधिकारी उपस्थित रहे।












