पति की शराबखोरी से तंग आकर विवाहिता ने की आत्महत्या, चार बच्चों का रो-रोकर बुरा हाल
संवादाता अमन अहमद. एटा: अलीगंज थाना क्षेत्र के हत्सारी गांव में एक दर्दनाक घटना सामने आई है। शराबी पति की प्रताड़ना से तंग आकर 35 वर्षीय विवाहिता सुनीता ने जहर खाकर अपनी जीवन लीला समाप्त कर ली। सुनीता चार मासूम बच्चों—एक बेटा और तीन बेटियों—की मां थी। मां की मौत के बाद से बच्चे बेसहारा हो गए हैं और उनका रो-रोकर बुरा हाल है।
मृतका के पिता सुरेश, निवासी बदायूं, ने बताया कि लगभग 10 वर्ष पूर्व उन्होंने बेटी की शादी हत्सारी गांव निवासी सुजीत से की थी। शादी के कुछ वर्षों बाद से ही सुजीत शराब के नशे में डूब गया और परिवार की जिम्मेदारियों से मुंह मोड़ लिया। नशे की हालत में वह पत्नी से मारपीट करने लगा और बच्चों की परवरिश की जिम्मेदारी पूरी तरह सुनीता पर आ गई।
परिजनों के अनुसार, शराब को लेकर पति-पत्नी में लगातार झगड़े होते थे। घटना वाले दिन भी विवाद के बाद सुनीता ने विषाक्त पदार्थ का सेवन कर लिया। उसकी हालत बिगड़ने पर ससुराल वाले उसे एटा मेडिकल कॉलेज ले गए, जहां से आगरा के निजी अस्पताल रेफर किया गया। इलाज के दौरान सुनीता की मौत हो गई, जिसके बाद ससुराल वाले अस्पताल से लाश छोड़कर फरार हो गए।
थाना प्रभारी अलीगंज निर्दोष सिंह सेंगर ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
ये भी पढ़ें एटा: 33/11 केवी उपकेंद्र औद्योगिक आस्थान पर लगेगा अतिरिक्त 5 एमवीए पावर परिवर्तक, कल रहेगा बिजली का शटडाउन













