हत्या के तीन आरोपी वारदात के महज 12 घंटों में काबू
दैनिक चक्र न्यूज़
क्राइम रिपोर्टर, पानीपत (हरियाणा)
पुलिस अधीक्षक श्री भूपेंद्र सिंह (आईपीएस) के मार्गदर्शन में कार्रवाई करते हुए सीआईए वन पुलिस टीम ने
देशराज कॉलोनी में परशुराम चौक के पास देशराज कॉलोनी निवासी सद्दाम उर्फ काला (26) की सिर में बोतल व ईंट मारकर हत्या करने के तीन आरोपियों को वारदात के महज 12 घंटों के अंदर गिरफ्तार कर लिया।
आरोपियों की पहचान दिनानाथ कॉलोनी निवासी बृजपाल, बिल्लू कॉलोनी निवासी कृष्ण
व राजीव कॉलोनी निवासी सम्राट के रूप में हुई है।
उप पुलिस अधीक्षक (यातायात) सुरेश कुमार सैनी ने शनिवार को जिला सचिवालय स्थित पुलिस विभाग के सभागार में
प्रेसवार्ता के दौरान बताया कि पुलिस अधीक्षक के संज्ञान में मामला आते ही
सीआईए वन प्रभारी सब इंस्पेक्टर संदीप व उनकी टीम को आरोपियों की धरपकड़ की जिम्मेदारी सौंपी गई थी।
टीम ने शुक्रवार शाम को दबिश देकर तीनों आरोपियों को बिचपड़ी रोड स्थित अयोध्या टावर के पास से काबू किया।
पूछताछ में आरोपियों ने हत्या की वारदात को स्वीकार किया। आरोपी बृजपाल देशराज कॉलोनी की एक फैक्टरी में ठेकेदारी करता है,
जबकि कृष्ण उसी के पास काम करता है और सम्राट दूसरी फैक्टरी में कार्यरत है।
तीनों ने बताया कि 16 अक्तूबर की रात वे फैक्टरी के पास शराब पार्टी कर रहे थे।
उसी दौरान सद्दाम स्कूटी से वहां आया और गाली-गलौच करने लगा।
कहासुनी के दौरान कृष्ण ने बोतल से और अन्य ने ईंट से हमला किया जिससे सद्दाम की मौके पर ही मौत हो गई।
इसके बाद तीनों मौके से फरार हो गए।
उप पुलिस अधीक्षक सैनी ने बताया कि तीनों आरोपियों को शनिवार को न्यायालय में पेश किया गया
जहां से उन्हें एक दिन के पुलिस रिमांड पर भेजा गया है।
रिमांड के दौरान पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर वारदात में प्रयुक्त बाइक बरामद करने का प्रयास करेगी।
आरोपी सम्राट का आपराधिक रिकॉर्ड पहले से मौजूद है — उस पर जानलेवा हमले का केस पहले दर्ज हो चुका है
और वह हाल ही में बेल पर बाहर आया हुआ है।
यह है पूरा मामला
थाना तहसील कैंप में काला पुत्र चेतुराम निवासी मोहम्मदपुर मुजफ्फरनगर (यूपी),
हाल निवासी पहलवान चौक कुटानी रोड ने शिकायत दर्ज कराई थी कि उसका भाई सद्दाम उर्फ काला
अपने परिवार सहित देशराज कॉलोनी में किराए पर रहता था।
17 अक्तूबर सुबह करीब 8:45 बजे उसे सूचना मिली कि उसके भाई की 16 अक्तूबर की रात परशुराम चौक के पास हत्या कर दी गई।
मौके पर पहुंचने पर गली में खून पड़ा था और स्कूटी खड़ी मिली।
जांच में पता चला कि सद्दाम की कहासुनी बिरजू, कृष्ण, अजय और दो अन्य से हुई थी, जिन्होंने ईंट और बोतल से वार कर हत्या कर दी।
इस शिकायत पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर आरोपियों की धरपकड़ शुरू की और 12 घंटे में सफलता हासिल की।
ये भी पढ़ें अखिल भारतीय रोड महासभा की कार्यकारिणी गठन के लिए समाज की बैठक सम्पन्न












