बारात में हादसा: पलटी कार, दूल्हा और जीजा गंभीर रूप से घायल, बच्चा लेकर चालक फरार
संवाद दाता: पंकज मिश्रा
मैनपुरी — बीती रात बारात लेकर जा रही कार अचानक सड़क पर अनियंत्रित होकर पलट गई, जिससे दूल्हा और दूल्हे का जीजा गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा थाना कुर्रा क्षेत्र के ग्राम सोज़ के पास देर शाम हुआ। दुर्घटना के बाद मौके पर मौजूद लोग मदद के लिए दौड़े, लेकिन इस बीच कार का चालक कार में बैठे बच्चे को लेकर घटनास्थल से फरार हो गया। जानकारी के अनुसार, बारात कुसमरा क्षेत्र के ग्राम पलौड़ी से जा रही थी। रास्ते में सोज़ के पास कार तेज रफ्तार में अचानक अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसे में दूल्हा और उसका जीजा गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें आनन-फानन में पास के अस्पताल में भर्ती कराया गया। उधर, चालक के भागने की सूचना पर सक्रिय हुई पुलिस ने पीछा कर उसे पकड़ा और बच्चे को सुरक्षित बरामद कर लिया। वहीं वाहन को कब्जे में लेकर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी गई है।
हादसे की खबर से बारातियों और परिजनों में हड़कंप मचा हुआ है। पुलिस पूरे मामले की गहन जांच कर रही है।












