होमगार्ड्स इनरोलमेंट-2025 परीक्षा को लेकर प्रशासन सख्त, डीएम व एसपी ने किया परीक्षा केंद्र का निरीक्षण
संवाददाता विनय कुमार मिश्रा
प्रतापगढ़।आगामी ‘होमगार्ड्स इनरोलमेंट-2025’ लिखित परीक्षा को सकुशल, निष्पक्ष एवं पारदर्शी ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से आज दिनांक 23 अप्रैल 2026 को जिलाधिकारी प्रतापगढ़ श्री शिवसहाय अवस्थी एवं पुलिस अधीक्षक प्रतापगढ़ श्री दीपक भूकर द्वारा संयुक्त रूप से थाना कोतवाली नगर क्षेत्र स्थित राजकीय इण्टर कॉलेज, प्रतापगढ़ का सघन निरीक्षण किया गया।निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने परीक्षा केंद्र पर तैनात सुरक्षा व्यवस्था, ड्यूटी चार्ट एवं पुलिस बल की तैनाती का बारीकी से अवलोकन किया। ड्यूटी पर मौजूद पुलिस कर्मियों को पूरी सतर्कता और जिम्मेदारी के साथ कार्य करने के निर्देश दिए गए।।
जिलाधिकारी ने केंद्र व्यवस्थापक को निर्देशित किया कि शासन की मंशा के अनुरूप परीक्षा की पवित्रता बनाए रखने हेतु सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जाएं। साथ ही परीक्षा कक्षों में लगे सीसीटीवी कैमरों की कार्यशीलता एवं प्रकाश व्यवस्था का भी निरीक्षण किया गया।पुलिस अधीक्षक द्वारा केंद्र के प्रवेश एवं निकास द्वारों पर सुदृढ़ चेकिंग एवं फ्रिस्किंग (तलाशी) व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए, ताकि अभ्यर्थियों को किसी प्रकार की असुविधा न हो और सुरक्षा मानकों का पूर्ण पालन हो सके।अधिकारियों ने स्पष्ट रूप से कहा कि परीक्षा के दौरान किसी भी प्रकार की अव्यवस्था या अनुचित साधनों के प्रयोग की सूचना मिलने पर संबंधित व्यक्तियों के विरुद्ध कठोर वैधानिक कार्यवाही की जाएगी।इस अवसर पर शिक्षा विभाग के अधिकारी, पुलिस प्रशासन के राजपत्रित अधिकारी एवं परीक्षा केंद्र के पर्यवेक्षक उपस्थित रहे।प्रशासन द्वारा जनपद के सभी परीक्षा केंद्रों पर कड़ी सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित की गई है, जिससे चयन प्रक्रिया पूरी तरह पारदर्शी एवं निष्पक्ष रूप से संपन्न हो सके।
ये भी पढ़ें जनसुनवाई में एसपी दीपक भूकर के सख्त निर्देश: शिकायतों का समयबद्ध और निष्पक्ष निस्तारण सुनिश्चित करें












