नियंत्रण खोने पर ट्रैक्टर ने बाइक सवारों को मारी जोरदार टक्कर, दो घायल
संवाद दाता: पंकज मिश्रा
मैनपुरी। दन्नाहार थाना क्षेत्र में शुक्रवार को एक अनियंत्रित ट्रैक्टर ने बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। हादसा इतना भीषण था कि बाइक सवार दोनों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस भी हरकत में आ गई है और मामले की जांच शुरू कर दी है।
घायल दोनों युवक दन्नाहार क्षेत्र के ग्राम कपूरपुर के निवासी बताए जा रहे हैं। घटना दन्नाहार के लालपुर सथनी के पास हुई, जहां ट्रैक्टर अचानक अनियंत्रित होकर बाइक से भिड़ गया। हादसे के बाद स्थानीय लोगों ने घायलों को तुरंत अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उनका इलाज चल रहा है।
वीडियो सामने आने के बाद पुलिस मौके की जांच कर रही है और ट्रैक्टर चालक की तलाश में जुटी है। पुलिस का कहना है कि मामले में आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।












