बढ़पुरा क्षेत्र में भीषण गर्मी के बीच बिजली संकट, रातभर परेशान रहे लोग
संवाददाता रोहित कुमार
इटावा। भीषण गर्मी और उमस के बीच बढ़पुरा क्षेत्र के लोगों को बिजली कटौती की भारी समस्या का सामना करना पड़ रहा है। क्षेत्र में रातभर बिजली की आंख-मिचौली से लोगों की नींद हराम हो गई। लगातार बिजली आने-जाने और लंबे कट लगने से आम जनजीवन प्रभावित रहा। स्थानीय लोगों का कहना है कि गर्मी अपने चरम पर है, ऐसे में बिजली कटौती से छोटे बच्चों, बुजुर्गों और मरीजों को सबसे अधिक दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। रातभर लोग गर्मी से बेहाल रहे और कई मोहल्लों में लोग घरों के बाहर बैठने को मजबूर दिखाई दिए। ग्रामीणों ने बताया कि कई बार संबंधित विभाग को शिकायत करने के बावजूद समस्या का स्थायी समाधान नहीं हो पा रहा है। लोगों ने विद्युत विभाग से मांग की है कि बढ़पुरा क्षेत्र में बिजली व्यवस्था को दुरुस्त किया जाए ताकि भीषण गर्मी में लोगों को राहत मिल सके। क्षेत्रवासियों ने चेतावनी दी कि यदि जल्द समस्या का समाधान नहीं हुआ तो विभाग के खिलाफ प्रदर्शन किया जाएगा।












