एटा में दर्दनाक सड़क हादसा: बाइक हादसे में युवक की मौत, पत्नी समेत तीन गंभीर
संवाददाता पुष्पेंद्र कुमार एटा जिले के जसरथपुर थाना क्षेत्र में मंगलवार सुबह हुए दर्दनाक सड़क हादसे में एक युवक की मौत हो गई, जबकि उसकी पत्नी समेत दो अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा दहेलिया पूठ गांव के पास हुआ, जहां तेज रफ्तार बाइक अचानक अनियंत्रित होकर फिसल गई।
जानकारी के मुताबिक, कासगंज जिले के मुंशीनगर, कस्बा पटियाली निवासी संजय उर्फ संजीव (करीब 45 वर्ष) अपनी पत्नी नन्ही देवी और प्रदीप पुत्र भंवर सिंह के साथ बाइक से मैनपुरी के अलीपुर खेड़ा जा रहे थे। रास्ते में दहेलिया पूठ गांव के समीप बाइक अचानक फिसल गई, जिससे तीनों सड़क पर गिर पड़े और गंभीर रूप से घायल हो गए।
घटना की सूचना मिलते ही 108 एंबुलेंस मौके पर पहुंची और सभी घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र अलीगंज में भर्ती कराया गया। प्राथमिक उपचार के बाद हालत नाजुक होने पर डॉक्टरों ने तीनों को हायर सेंटर रेफर कर दिया।
बताया गया कि एटा स्थित वीरांगना अवंतीबाई लोधी मेडिकल कॉलेज से संजय उर्फ संजीव को गंभीर हालत में हायर सेंटर ले जाया जा रहा था, लेकिन रास्ते में ही उनकी मौत हो गई। युवक की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
मृतक के पिता भंवर सिंह ने आरोप लगाया कि हादसा किसी अज्ञात वाहन की टक्कर से हुआ है। वहीं जसरथपुर थाना प्रभारी विजय सिंह ने बताया कि शुरुआती जांच में बाइक फिसलने की बात सामने आई है। पुलिस ने मौके का निरीक्षण कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
ये भी पढ़ें बढ़पुरा क्षेत्र में भीषण गर्मी के बीच बिजली संकट, रातभर परेशान रहे लोग












