एटा में ट्रैफिक पुलिस का जागरूकता अभियान सफल: 118 वाहनों का चालान, ₹1.32 लाख वसूले, 272 वाहनों पर लगाए रिफ्लेक्टर
संवाददाता धर्मेंद्र चौहान
एटा। “यातायात माह” के अंतर्गत 07 नवंबर 2025 को जिलेभर में चलाए गए विशेष यातायात जागरूकता एवं चेकिंग अभियान में यातायात पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की। अभियान के दौरान कुल 118 वाहनों के चालान किए गए और ₹1,32,000 का सम्मन शुल्क वसूला गया। साथ ही 272 वाहनों पर रिफ्लेक्टर लगाए गए और 1200 पैम्फलेट वितरित कर नागरिकों को यातायात नियमों के प्रति जागरूक किया गया। यह अभियान वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक एटा श्याम नारायण सिंह के निर्देशन तथा अपर पुलिस अधीक्षक एटा के निकट पर्यवेक्षण में संचालित हुआ। जनपदीय यातायात पुलिस की टीम ने जिले के विभिन्न क्षेत्रों में अभियान चलाकर नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की। चेकिंग के दौरान पुलिस ने मॉडिफाइड साइलेंसर, ब्लैक फिल्म, हूटर, सायरन और प्रेशर हॉर्न जैसे यातायात नियम उल्लंघनों की गहन जांच की। इसके अलावा ड्रिंक एंड ड्राइव, तीन सवारी, बिना हेलमेट वाहन चलाना, काली फिल्म का उपयोग, नाबालिग चालक द्वारा वाहन चलाना, बिना नंबर प्लेट के वाहन चलाना, तथा नो पार्किंग में वाहन खड़ा करना जैसे मामलों पर भी चालान किए गए। ओवर स्पीडिंग के मामलों में भी पुलिस ने कार्रवाई की।
यातायात पुलिस ने इस अवसर पर सड़क सुरक्षा के महत्व पर जोर देते हुए नागरिकों से अपील की कि वे हेलमेट और सीट बेल्ट का अनिवार्य रूप से उपयोग करें, यातायात संकेतों का पालन करें और सड़क पर दूसरों की सुरक्षा का भी ध्यान रखें। पुलिस ने कहा कि यह अभियान आगे भी निरंतर जारी रहेगा ताकि एटा में सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाई जा सके और नागरिक सुरक्षित यातायात संस्कृति का हिस्सा बनें।












