श्रीरामपुरा के बड़ा खेत की ढ़ाणी में बालाजी महाराज का भव्य मेला सम्पन्न, श्रद्धालुओं ने झूलों और भजनों का लिया आनंद
रिपोर्ट: दिनेश प्रजापत सांगानेर – ज्येष्ठ शुक्ल गंगा दशमी के पावन अवसर पर ग्राम पंचायत लाखना के श्रीरामपुरा गांव स्थित बड़ा खेत की ढ़ाणी में बालाजी महाराज का वार्षिक मेला धूमधाम से आयोजित हुआ। मेले में सांगानेर क्षेत्र के दो दर्जन से अधिक गांवों से श्रद्धालु और ग्रामीणजन भारी संख्या में पहुंचे।
श्रीराम विकास समिति द्वारा मेले की संपूर्ण व्यवस्थाएं – जल, पार्किंग, यातायात, स्टेज और भजन संध्या – भली-भांति संचालित की गईं। बालाजी महाराज की झांकी को फूलों से भव्य रूप से सजाया गया। समिति द्वारा चोला चढ़ाया गया और श्रद्धालुओं ने विधिवत भोग अर्पित किया।
मेले में बड़ी संख्या में दुकानदारों ने विभिन्न प्रकार की स्टॉलें लगाईं, जिनमें बच्चों के खिलौने, महिलाओं के घरेलू उपयोगी सामान सहित अन्य वस्तुओं की बिक्री हुई। बच्चों और युवाओं के लिए चकरी व झूले विशेष आकर्षण का केंद्र रहे।
श्रद्धालु रातल्या, मनोहरियावाला, सीतारामपुरा, बाला वाला, अचरावाला, तेजवाला, लांखना, जाटावाला, डाबला, गणेशपुरा, राम नगरिया, बाण्यावाली समेत कई गांवों से पहुंचे। आयोजन में पूरे दिन और देर रात तक भजन संध्या का आयोजन हुआ, जिसमें श्रद्धालु झूमते नजर आए।
पं. लालचंद शर्मा ने जानकारी देते हुए बताया कि यह मेला पिछले 20 वर्षों से लगातार आयोजित हो रहा है और हर वर्ष श्रद्धालुओं की संख्या में वृद्धि हो रही है।
ये भी पढ़ें Jhansi: खुलेआम बिक रही कच्ची शराब, ग्रामीणों में दहशत, प्रशासन मौन












